Bihar News : परिसीमन के बाद ही होंगे बिहार में पंचायत चुनाव, शिवहर में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने किया बड़ा ऐलान

Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि परिसीमन के बाद ही बिहार में पंचायत चुनाव कराये जायेंगे. उन्होंने कहा की 2011 की जनगणना की आधार चुनाव होंगे......पढ़िए आगे

Bihar News : परिसीमन के बाद ही होंगे बिहार में पंचायत चुनाव,
मंत्री का ऐलान - फोटो : MANOJ

SHEOHAR : शिवहर पहुंचे बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि बिहार में पंचायत चुनाव परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि आरक्षण और रोस्टर सहित परिसीमन से जुड़े सभी निर्णय निर्वाचन आयोग के फैसले के अनुसार ही लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछला परिसीमन 1991 की जनगणना के आधार पर हुआ था, जबकि इस बार 2011 की जनगणना — जो नवीनतम उपलब्ध आंकड़ा है — के आधार पर परिसीमन कराया जाएगा। जनसंख्या में हुई वृद्धि के मद्देनजर पंचायतों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई गई है। विभाग परिसीमन का काम समय पर पूरा कराने का पूरा प्रयास करेगा, यह आश्वासन भी मंत्री ने दिया।

पंचायत सरकार भवनों की स्थिति

जिले में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की संख्या 17 है, जबकि स्वीकृत स्थलों की संख्या 49 बताई गई। अब तक 15 भवन पूर्ण हो चुके हैं। 11 पंचायत सरकार भवनों में आरटीपीएस सेवा तथा 7 भवनों में आधार सेवा संचालित हो रही है। वहीँ जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत शिवहर जिले में अब तक 7,810 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत जिले की 19 पंचायतों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा 38 मोक्ष धामों की पहचान की जा चुकी है, जिनका प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है।

Diarch GO

जिला परिषद की वित्तीय स्थिति

मंत्री ने बताया कि शिवहर जिला परिषद के पास कुल 126.94 एकड़ भूमि है। वर्ष 2025-26 में जिला परिषद के संसाधनों से कुल 16,13,654 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई। जिला परिषद के अंतर्गत कुल 88 दुकानें संचालित हैं।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता ठाकुर धर्मेंद्र प्रसाद सिंह, जिला अध्यक्ष कल्याण पटेल, पूजा सिंह, हिमांशु पटेल, राम लोचन सिंह कुशवाहा, लोजपा जिला अध्यक्ष विजय पांडे, हम पार्टी जिला अध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जदयू जिला अध्यक्ष कमलेश पांडे सहित अन्य मौजूद थे।

NSIT
Nsmch

शिवहर से मनोज कुमार की रिपोर्ट