LATEST NEWS

Bihar Road Accident: बिहार में कुहासा ने ली दो भाइयों की जान, बाइक-ट्रक टक्कर में हुई मौत, परिवार में पसरा मातम

Bihar Road Accident: बिहार में कुहासा और घनी धुंध के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

Bihar Road Accident: बिहार में कुहासा ने ली दो भाइयों की जान
दो भाईयों की गयी जान - फोटो : RANJAN

SASARAM : बिहार में कुहासा और घनी धुंध के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतक दोनों युवक पप्पू कुमार और सरोज कुमार ममेरे फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं। घटना सासाराम के कछवा थाना क्षेत्र के दनवार रोड पर गुरुवार सुबह की है।

हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक, जो बालू घाट में काम करते थे, अपने काम पर जा रहे थे। अचानक धुंध और कुहासा के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गई। मौके पर ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पप्पू कुमार भोजपुर जिला के सहार थाना के लोदीपुर के रहने वाले थे, जबकि सरोज कुमार, कछवा थाना निवासी उमेश चौधरी के पुत्र थे। हादसे के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल है। कछवा थाना की पुलिस ने दोनों शवों को सदर अस्पताल सासाराम पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और धुंध के खतरों की याद दिलाता है और चेतावनी देता है कि बारिश, कुहासा या धुंध में वाहन सावधानीपूर्वक चलाना बेहद जरूरी है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार