LATEST NEWS

  • Bhojpur Police
  • Bhojpur Police: मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, चार तस्कर गिरफ्तार

  • Bihar MLC Election
  • Bihar MLC Election: बिहार MLC चुनाव की काउंटिंग पर बवाल! आरोप लगाकर कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठे,

  • Anant Singh
  • Bihar Politics: 62 मुकदमों के रिकॉर्ड वाले बाहुबली अनंत सिंह फिर जाएंगे जेल या बरकरार रहेगी जमानत?

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

मुजफ्फरपुर में शराब माफियाओं पर पुलिस का 'सर्जिकल स्ट्राइक': पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

मुजफ्फरपुर में शराब माफियाओं पर पुलिस का 'सर्जिकल स्ट्राइक':
पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देश पर इन दिनों पूरे जिले में शराब कारोबारियों के खिलाफ एक विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बरियारपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शराब माफियाओं के सिंडिकेट पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' किया है और एक संदिग्ध पिकअप वैन से लाखों रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।


बेरुआ डीह गांव में खड़ी पिकअप से हुई बरामदगी

शराब की इस बड़ी खेप की बरामदगी को लेकर बरियारपुर थाना प्रभारी को एक सटीक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि थाना क्षेत्र के बेरुआ डीह गांव में एक लावारिस और संदिग्ध पिकअप वैन खड़ी है, जिस पर तस्करी के उद्देश्य से लाई गई विदेशी शराब की एक बड़ी खेप लोड की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत पूरे घटनाक्रम से वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया और बिना समय गंवाए दल-बल के साथ चिन्हित स्थान के लिए रवाना हो गए।


पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागे तस्कर

पुलिस की विशेष टीम जैसे ही बेरुआ डीह गांव में सूचना आधारित स्थान पर पहुंची, वहां एक पिकअप वैन खड़ी दिखाई दी। हालांकि, पुलिस की गाड़ियों और जवानों को अपनी ओर आता देख मौके पर मौजूद शराब तस्कर और वाहन के चालक अंधेरे और गांव की गलियों का फायदा उठाकर पिकअप को वहीं छोड़कर भागने में कामयाब रहे। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर जब उस लावारिस पिकअप वैन की गहन तलाशी ली, तो उसके भीतर छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।


जांच में मिली 333 लीटर से अधिक विदेशी शराब

बरियारपुर थाना पुलिस द्वारा की गई इस छापेमारी के दौरान पिकअप से कुल 333.67 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। मौके से किसी भी तस्कर के हाथ न आने के बाद पुलिस टीम ने दुर्घटना और जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शराब से लदी पिकअप वैन को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित थाने ले आया गया, जहां उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


गाड़ी के नंबर से तस्करों को चिन्हित करने में जुटी पुलिस

NSIT
Nsmch

पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए ईस्ट-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरियारपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 333.67 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से किसी भी शराब कारोबारी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अब जब्त की गई पिकअप वैन के रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर के आधार पर उसके मालिक और तस्करों को चिन्हित करने में जुट गई है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सके।

मणिभूषण की रिपोर्ट