Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस की विशेष टीम ने की बड़ी कार्रवाई, सट्टाबाजी गिरोह के 12 शातिर को किया गिरफ्तार
Bihar News : मुजफ्फरपुर में सट्टेबाजों के अवैध सिंडिकेट पर पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी स्ट्राइक की है। जिले में सक्रिय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक साथ 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में सट्टेबाजों के अवैध सिंडिकेट पर पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी स्ट्राइक की है। जिले में सक्रिय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक साथ 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के सट्टेबाजों और अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सट्टेबाजी और जुए से जुड़े उपकरण व अन्य सामान बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा को लगातार सूचना मिल रही थी कि सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का धंधा संचालित हो रहा है। गुप्त सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष टीम ने भगवानपुर स्थित ठिकाने पर अचानक छापेमारी कर 12 सट्टेबाजों को रंगे हाथ दबोच लिया।
इस पूरी छापेमारी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एसएसपी द्वारा गठित विशेष टीम ने इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे दिया, लेकिन स्थानीय सदर थाने की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि भगवानपुर क्षेत्र में यह अवैध काला कारोबार काफी समय से फल-फूल रहा था। स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी गतिविधि से वे अनजान कैसे रहे।
मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि विशेष टीम की गुप्त छापेमारी में 12 सट्टेबाजों को दबोचा गया है। उन्होंने खुलासा किया कि मुख्य रूप से ऑनलाइन सट्टेबाजी (Online Gambling) का कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से सट्टे से जुड़े डिजिटल व अन्य सामान जब्त किए हैं और सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सिटी एसपी ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध जुए या ऑनलाइन सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सट्टेबाजी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यदि शहर में कहीं से भी ऐसी कोई गुप्त सूचना मिलती है, तो संबंधितों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट















