Bihar News: मैं आत्महत्या कर लूंगा... पत्नी की हुई हत्या तो ससुराल वालों ने दो बच्चों का किया अपहरण, पीड़ित पति अब आईजी कार्यालय में लगा रहा गुहार

Bihar News: पत्नी के हत्या के बाद ससुराल वालों ने दोनों बेटों का अपहरण कर लिया। विरोध करने पर ससुराल वालों ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित पिता न्याय की गुहार लगाने आईजी साहेब के पास पहुंचा और कहा कि मुझे इन्साफ नहीं मिला तो आत्महत्या कर लूंगा

पीड़ित पति की गुहार
पीड़ित पति की गुहार - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पत्नी की हत्या के बाद ससुराल पक्ष ने मृतका के पति के दोनों बेटों का कथित रूप से अपहरण कर लिया। न्याय न मिलने से आहत शिक्षक बिजेंद्र कुमार ने गया IG कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह की चेतावनी दी है।

पत्नी की हुई हत्या

बिजेंद्र कुमार जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गांव के निवासी हैं और एक सरकारी शिक्षक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी स्नेहलता की 1 अप्रैल 2025 को उसके मायके काको थाना क्षेत्र के पहलबिगहा गांव में घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्नेहलता एक साल से मायके में रहकर काको के ही बरामा गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं।

Diarch GO

ससुराल वालों ने बच्चों का किया अपहरण

बिजेंद्र का कहना है कि पत्नी की हत्या के बाद ससुराल वालों ने एलआईसी, जमीन के कागजात, जेवरात और नकदी जबरन रख लिए और वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी ससुराल पक्ष ने अस्पताल से अपने कब्जे में ले ली, जबकि यह दस्तावेज कानूनी रूप से पति को मिलना चाहिए था।

पति के साथ की मारपीट 

शिक्षक बिजेंद्र ने बताया कि जब वे ससुराल वालों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने गए तो ससुर अवधेश प्रसाद, साला विक्की कुमार, रॉकी कुमार, बंटी कुमार और सास आशा देवी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वे वहां से जान बचाकर भागे। घटनाएं यहीं नहीं रुकीं। बिजेंद्र के अनुसार, 27 मई को जब वे अपने दोनों बेटों शौर्य (10) और अभीयाश (6) को आधार कार्ड बनवाने स्कूटी से जहानाबाद ले जा रहे थे। तब रास्ते में ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट की और दोनों बच्चों का अपहरण कर लिया। 

NSIT
Nsmch

पीड़ित ने खुदकुशी करने की दी चेतावनी 

पीड़ित शिक्षक ने इस संबंध में काको थाना में आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बिजेंद्र ने कहा कि मैं कई बार थाना गया। SP साहब से भी मिला। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा मुझे ही डांटकर भगा दिया गया। आज मैं विवश होकर गया IG कार्यालय आया हूं और एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। IG साहब ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। शिक्षक बिजेंद्र कुमार का कहना है कि अगर मुझे न्याय नहीं मिला, तो मैं आत्मदाह करने को मजबूर हो जाऊंगा। जब एक शिक्षक को न्याय नहीं मिल रहा है, तो आम जनता को क्या उम्मीद होगी?

गया से मनोज की रिपोर्ट