Bihar News : जहानाबाद में शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ का चुनाव संपन्न, प्रो. विजय कुमार मिट्ठू बने मगध विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष

Bihar News : शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ का चुनाव में महाबोधि कॉलेज बेलागंज के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू को अध्यक्ष चुना गया है. साथ ही.......पढ़िए आगे

Bihar News : जहानाबाद में शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ क
प्रो. विजय कुमार मिट्ठू को चुना गया अध्यक्ष- फोटो : SOCIAL MEDIA

JEHANABAD : जहानाबाद कॉलेज के प्रांगण में रविवार को बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ की मगध विश्वविद्यालय इकाई का संगठन चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस चुनाव में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले गया, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद और अरवल जिलों के सभी 39 अनुदानित संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उद्देश्य संगठन को नई ऊर्जा देना और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त नेतृत्व का चयन करना था।

संगठन का यह चुनाव महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शंभू नाथ सिन्हा और बीआर अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी के सीनेट सदस्य धर्मेंद्र कुमार चौधरी की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इसके साथ ही महासंघ के महासचिव प्रो. राजीव रंजन, प्रो. नवल किशोर प्रसाद सिंह और पूर्व अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार सिंह जैसे वरिष्ठ शिक्षाविदों ने पर्यवेक्षक के रूप में पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। चुनाव से पूर्व सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संगठन की मजबूती, नए पदाधिकारियों के चयन और विश्वविद्यालय स्तर पर भविष्य में किए जाने वाले चरणबद्ध आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

Diarch GO

महासंघ के प्रवक्ता प्रो. अरुण कुमार गौतम ने बताया कि सभी पर्यवेक्षकों और महत्वपूर्ण साथियों के बीच गहन विचार-विमर्श के बाद नए पदाधिकारियों की एक सूची तैयार की गई। जब इस सूची को सदस्यों के समक्ष रखा गया, तो सभी ने सर्वसम्मति से बिना किसी विरोध के नए नेतृत्व को अपनी स्वीकृति दे दी। निर्वाचित टीम में महाबोधि कॉलेज बेलागंज के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू को अध्यक्ष चुना गया, जबकि प्रो. नवल किशोर प्रसाद को संरक्षक, डॉ. बीरेन्द्र सिंह को उपाध्यक्ष और प्रो. शशि प्रसाद को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू ने कार्यभार संभालते ही अपने कड़े तेवर दिखाए और भविष्य की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि मगध विश्वविद्यालय प्रशासन को चुनाव संबंधी औपचारिक सूचना देने के तुरंत बाद, ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पहले एक विशाल महाधरना का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका नेतृत्व केवल पदों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कर्मचारियों की जायज मांगों को मनवाने के लिए एक सशक्त मंच बनेगा।

NSIT
Nsmch

अंत में, नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने संगठन के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आगामी दिनों में गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, नवादा और अरवल जिलों में जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने सभी 39 संबद्ध कॉलेजों में जाकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। इस चुनाव के सफल आयोजन और नई कार्यकारिणी के गठन के बाद विश्वविद्यालय के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों में एक नई उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का अब त्वरित निराकरण हो सकेगा।