जहानाबाद में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, कृषि सलाहकार को रौंदा,ग्रामीणों ने ट्रक को किया आग के हवाले, NH-33 पर बवाल

Bihar Road Accident:जहानाबाद में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां लील गया। ...

Truck Kills Farm Advisor in Jehanabad
NH-33 पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: जहानाबाद में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां लील गया। काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के पास एनएच-33 पर एक बेलगाम ट्रक ने साइकिल सवार कृषि सलाहकार को ऐसी टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम और गुस्से का ऐसा विस्फोट हुआ कि आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा और राष्ट्रीय राजमार्ग रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

मृतक की पहचान ज्ञानचंद शर्मा  के रूप में हुई है, जो सफेपुर गांव के निवासी और काको प्रखंड कृषि विभाग में अमथुआ पंचायत के कृषि सलाहकार थे। परिजनों के मुताबिक, वह साइकिल से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार और कथित तौर पर अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह ट्रक के नीचे फंस गए और काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शुरुआती पहचान भी मुश्किल हो गई। बाद में कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

Diarch GO

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस खबर के फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और एनएच-33 को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर के लिए पूरा इलाका तनाव की गिरफ्त में आ गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और हालात सामान्य किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, जबकि फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

NSIT
Nsmch

रिपोर्ट- रंजीत कुमार