Bihar News: जहानाबाद में अपराधियों पर पुलिस ने कसा नकेल, ऑपरेशन क्लीन के तहत 48 घंटे में 104 आरोपी गिरफ्तार, 300 से ज्यादा वारंट तामील

Bihar News: जहानाबाद जिले में कानून का डंडा एक बार फिर पूरे तेवर में नजर आया।...

Police Crack Down in Jehanabad 104 Arrested
जहानाबाद में अपराधियों पर पुलिस ने कसा नकेल- फोटो : reporter

Bihar News: जहानाबाद जिले में कानून का डंडा एक बार फिर पूरे तेवर में नजर आया। एसपी अपराजित लोहान के निर्देश पर चलाए गए तीन दिवसीय स्पेशल ड्राइव ने अपराधियों की नींद उड़ा दी। पिछले 48 घंटे के भीतर हत्या, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट जैसे संगीन कांडों में वांछित 104 अभियुक्तों को दबोच लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध की दुनिया में खलबली मच गई है।

सोमवार देर शाम एसपी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था। गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी, जिसमें कुल 110 लोगों को पकड़ा गया। इनमें से 104 अभियुक्त पिछले 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें कई कुख्यात और संगीन मामलों के आरोपी शामिल हैं।

Diarch GO

एसपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान वर्षों से फरार दो लाल वारंटियों की भी गिरफ्तारी की गई है। इसके साथ ही जमानतीय और गैर-जमानतीय कुल 312 वारंटों का निष्पादन किया गया, जिनमें 267 गैर-जमानतीय वारंट शामिल हैं। छह ऐसे अभियुक्त, जो पुलिस की पकड़ से बाहर थे, उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। साफ संदेश है अब फरारी की गुंजाइश नहीं।

अभियान के दौरान चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में भी बड़ी बरामदगी हुई है। मखदुमपुर थाना पुलिस ने किशनपुर के सिकंदर मांझी के पास से चोरी की बाइक बरामद की। अमरपुर गांव निवासी अजीत कुमार के पास से चोरी का टेंपो मिला, जबकि अमरपुर के ही छोटन मांझी के पास से एक अन्य बाइक जब्त की गई। इसके अलावा विभिन्न थानों की पुलिस ने चार अपहृत महिलाओं को सकुशल बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

NSIT
Nsmch

गिरफ्तार अभियुक्तों में नगर थाना क्षेत्र से पवन केवट और सिकंदर चौधरी, शकूराबाद से संतोष कुमार, टेहटा से संजीव मांझी, घोसी से वीरेंद्र मांझी और संजीव कुमार सहित कई नाम शामिल हैं। जिले के अन्य थानों ने भी अपने-अपने इलाकों में संगीन कांडों के आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

एसपी अपराजित लोहान ने दो टूक कहा है कि अपराधियों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। ज्यादा से ज्यादा गिरफ्तारी कर आरोप पत्र दाखिल किए जाएंगे और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होगी। साफ है जहानाबाद में अब अपराध का खेल नहीं चलेगा, पुलिस पूरी ताकत के साथ मैदान में है।

रिपोर्ट- विक्रमादित्य