बालू माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, सरकारी टीम से मारपीट के मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश तेज

Bihar News: जमुई जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी टीम पर हमला करने के मुख्य आरोपीमुरारी शाह को गिरफ्तार कर लिया है।...

Police Crack Down on Sand Mafia Key Accused Arrested
बालू माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar News: जमुई जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी टीम पर हमला करने के मुख्य आरोपी मूरो शाह उर्फ मुरारी शाह को गिरफ्तार कर लिया है। खैरा थाना क्षेत्र के देवपुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा, धक्का-मुक्की, हाथापाई और गाली-गलौज की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी की पुष्टि खैरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने की है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को डायल-112 की पुलिस टीम देवपुर में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान कथित बालू माफियाओं और उनके समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जवानों के साथ धक्का-मुक्की, हाथापाई और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम को कार्रवाई से रोकने की भी कोशिश की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

Diarch GO

घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। एसपी के आदेश के बाद खैरा थाना पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की और मुख्य आरोपी मूरो शाह उर्फ मुरारी शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अवैध बालू खनन और परिवहन से जुड़े करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि अवैध बालू कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

इस मामले में पुलिस ने मूरो शाह उर्फ मुरारी शाह, झुंडो पंचायत के मुखिया पति दिनेश यादव उर्फ डीपी यादव, संजय यादव, सूरज साह उर्फ बॉस, चालक अर्जुन कुमार सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस के साथ मारपीट तथा अवैध बालू खनन एवं परिवहन से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

NSIT
Nsmch

खैरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने साफ कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध बालू कारोबार और उससे जुड़े माफिया तंत्र के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

सुमित सिंह की रिपोर्ट