Bihar Crime News : गयाजी में बदमाशों ने व्यवसायी से छीने लाखों रूपये की चेन, विरोध करने पर मारी गोली

Bihar Crime News : गयाजी में बेखौफ अपराधियों ने एक व्यवसायी को अपना निशाना बनाते हुए लूटपाट और गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया है। जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.......पढ़िए आगे

Bihar Crime News : गयाजी में बदमाशों ने व्यवसायी से छीने लाख
व्यवसायी से लूट - फोटो : MANOJ

GAYAJI : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहगंज मोहल्ले में बेखौफ अपराधियों ने एक व्यवसायी को अपना निशाना बनाते हुए लूटपाट और गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया। टिकारी रोड स्थित प्रसिद्ध प्रकाश मिष्ठान भंडार के संचालक सरोज कुमार से दो बाइक सवार बदमाशों ने लगभग 30 ग्राम सोने की चेन और थैला छीन लिया। इस दौरान व्यवसायी द्वारा हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं, जिनमें से एक गोली उनके पैर को छूती हुई निकल गई।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, सरोज कुमार रात करीब 12:30 बजे अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौटे थे। वे जैसे ही अपने घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे, तभी पहले से पीछा कर रहे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए उनके हाथ से सामान का थैला झपट लिया और गले से 30 ग्राम की सोने की चेन खींच ली।

Diarch GO

लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का सरोज कुमार ने साहस का परिचय देते हुए अपनी बाइक से पीछा किया। कुछ ही दूरी पर उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया और उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। खुद को घिरता देख दूसरे अपराधी ने पिस्टल निकालकर व्यवसायी पर निशाना साधते हुए लगातार दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सरोज कुमार के बाएं पैर को छूती हुई निकल गई, जिससे वे मामूली रूप से चुटैल हो गए और इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों अपराधी अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जख्मी व्यवसायी से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास की इमारतों तथा दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

NSIT
Nsmch

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। शहर में नाकाबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि घटना में शामिल दोनों अपराधियों को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट