Bihar Police Encounter : बिहार पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर मारी गोली, 12 दिन में तीसरा एनकाउंटर
Bihar Police Encounter : बिहार पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। पुलिस ने शराब माफिया को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी है। 12 दिनों में तीसरे एनकाउंटर की खबर सामने आई है।

Bihar Police Encounter : बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार एक्शन मोड में हैं। इसी बीच बड़ी खबर छपरा से सामने आ रही है। जहां पुलिस और शराब माफियाओं के बीच एनकाउंटर हुई है। घटना सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के दुर्गा घाट की है। जानकारी अनुसार देर रात शराब माफियाओं और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें कुख्यात शराब तस्कर अजय राय पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि एक अन्य तस्कर सुकेश कुमार ने फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर ही सरेंडर कर दिया।
शराब माफियाओं और पुलिस के बीच मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, दोनों तस्कर नाव से भारी मात्रा में शराब की खेप लेकर मांझी इलाके में उतरवाने पहुंचे थे। गुप्त सूचना पर मांझी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घाट के आसपास घेराबंदी की। जैसे ही नाव किनारे लगी, तस्करों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें अजय राय के पैर में गोली लगी। वह भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
12 दिनों में तीसरा एनकाउंटर
घायल अजय राय को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। गृहमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद सिर्फ 12 दिनों में यह तीसरा एनकाउंटर है। मांझी और आसपास के इलाके में शराब तस्करी के मामलों में तेजी के बीच पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है।
तस्करों के नेटवर्क की छानबीन
पुलिस गिरफ्तार तस्करों के नेटवर्क की जांच कर रही है। बिहार और उत्तर प्रदेश के शराब गिरोहों से इनके संबंधों की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किस गिरोह से आई थी और इसे कहां भेजा जाना था। गौरतलब हो कि छपरा में ही पुलिस ने अपराधी नंदकिशोर राय उर्फ शिकारी राय का एनकाउंटर किया था। शिकारी राय पर हत्या, लूट और रंगदारी के 7 केस दर्ज है। तो वहीं 11 दिन पहले बेगूसराय में पुलिस ने एनकाउंटर किया था। पुलिस ने शिवदत्त राय का एनकाउंटर किया था।

















