Bihar News : बक्सर में पूर्व सैनिकों की हुंकार, अब अपनी जमीन और स्थायी केंद्र के लिए लामबंद हुआ IESM

Bihar News : करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की उपस्थिति में संगठन ने एक बड़ा और दूरगामी प्रस्ताव रखा- बक्सर में पूर्व सैनिकों के लिए एक स्थायी केंद्र (अपनी जमीन) की स्थापना.....पढ़िए आगे

Bihar News : बक्सर में पूर्व सैनिकों की हुंकार, अब अपनी जमीन
बक्सर में अधिकारों की गूंज- फोटो : SANDIP

BUXAR : बक्सर में 12 अप्रैल को इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (IESM) की बैठक सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं रही, बल्कि यह पूर्व सैनिकों के अधिकारों और भविष्य की सुविधाओं को लेकर एक मजबूत मंच बनकर उभरी। सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया।

करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की उपस्थिति में संगठन ने एक बड़ा और दूरगामी प्रस्ताव रखा- बक्सर में पूर्व सैनिकों के लिए एक स्थायी केंद्र (अपनी जमीन) की स्थापना। डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि संगठन चाहता है कि बक्सर में ऐसी जमीन उपलब्ध हो, जहां पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें। इसमें कैंटीन सुविधा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं शामिल हों, ताकि सैनिकों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भटकना न पड़े।

Diarch GO

उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर संगठन लगातार सरकार के समक्ष प्रयासरत है। इस दिशा में सकारात्मक संकेत भी मिले हैं। बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह और वर्तमान विधायक आनंद मिश्र ने संगठन को आश्वासन दिया है कि इस मांग को जल्द पूरा करने की दिशा में पहल की जाएगी। डॉ. पाण्डेय ने बक्सर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक सहयोग लगातार मिल रहा है, जिससे संगठन के कार्यों को गति मिल रही है।

बैठक में पेंशन, एरियर, ECHS, ITR और साइबर सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संगठन ने अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये पेंशन और एरियर दिलाने का दावा किया, जो निःशुल्क सेवा के तहत किया गया है। अंत में एकजुटता के नारों के साथ यह संदेश दिया गया कि बक्सर के पूर्व सैनिक अब अपने अधिकारों के लिए और अधिक संगठित होकर आवाज उठाएंगे, और आने वाले समय में एक बड़े बदलाव की नींव रखेंगे।

NSIT
Nsmch

संदीप की रिपोर्ट