Bihar News : शर्मनाक! जिला परिवहन कार्यालय में शराब कांड से मचा हड़कंप, सैकड़ों बोतल मिलने से खुली शराब बंदी की पोल

Bihar News : जिला परिवहन कार्यालय (DTO) परिसर उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब विभाग के भीतर से भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब की भरी और खाली बोतलें बरामद की गईं।

Bihar News : शर्मनाक! जिला परिवहन कार्यालय में शराब कांड से
परिवहन कार्यालय में शराब - फोटो : SANDIP

BUXAR : जिला परिवहन कार्यालय परिसर के भीतर उस समय हड़कंप मच गया. जब वहां से भारी मात्रा में शराब की खाली और भरी हुई बोतलें तथा रैपर बरामद किए गए. यह मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मिली जानकारी के अनुसार, यह बरामदगी कार्यालय के नीचे बने कमरों और सरकारी अलमारियों के आसपास से की गई है, जहां से सैकड़ों की संख्या में शराब की बोतलें और उनसे जुड़े रैपर मिले हैं. जैसे ही यह मामला सामने आया. तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा एसडीपीओ गौरव पांडेय मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई. कुछ ही समय बाद उत्पाद विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई. टीम द्वारा बरामद बोतलों की गिनती की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब यहां कैसे और कब से रखी गई थी.

Diarch GO

इस पूरे मामले को लेकर गंभीर सवाल भी उठने लगे हैं. सवाल यह कि जिस कार्यालय में जिला परिवहन पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठते हैं, वहां शराबबंदी कानून की खुलेआम अनदेखी कैसे हो रही थी. मामले ने सरकारी व्यवस्था और निगरानी तंत्र की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं. इस मामले में फिलहाल पुलिस पदाधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं.

प्राथमिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि बरामद शराब केवल सेवन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क या गतिविधि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. हालांकि, पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह मामला केवल लापरवाही का है या इसके पीछे कोई संगठित गतिविधि काम कर रही थी. इस घटना के बाद जिला प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर इतने संवेदनशील सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधि कैसे चलती रही. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है.

NSIT
Nsmch

संदीप की रिपोर्ट