Bihar News : भागलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, परिजनों ने दहेज़ के लिए हत्या का लगाया आरोप, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar News : भागलपुर में संदिग्ध परिस्थिति में एक नवविवाहिता की मौत हो गयी. परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज़ हत्या का आरोप लगाया है......पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में
दहेज़ हत्या का आरोप - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले में एक बार फिर दहेज उत्पीड़न का एक अत्यंत गंभीर और हृदय विदारक मामला सामने आया है। नवविवाहिता सीता कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतका का ससुराल अकबरनगर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर में था, जबकि उसका मायका नारायणपुर थाना, बिहपुर क्षेत्र में है। सीता कुमारी की शादी नवनीत कुमार से इसी साल जुलाई 2024 में हुई थी।

चार पहिया गाड़ी के लिए प्रताड़ना

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के महज तीन से चार महीने बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर सीता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया था। परिजनों के अनुसार, ससुराल पक्ष लगातार एक चार चक्का गाड़ी (कार) की मांग कर रहा था और साफ शब्दों में कहा था कि "गाड़ी दो, नहीं तो अपनी बेटी को अपने घर लेकर जाओ।" मायके पक्ष, जो खेती-बाड़ी कर भरण-पोषण करता है, ने कई बार सुलह की कोशिश की और आश्वासन दिया कि व्यवस्था होते ही गाड़ी दी जाएगी, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

Diarch GO

इलाज के दौरान मौत, गला घोंटने और जहर की आशंका

परिजनों ने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि सीता कुमारी को गंभीर हालत में सीएम अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आर्मी हॉस्पिटल, कोलकाता रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि कोलकाता में भी ससुराल पक्ष ने मदद करने के बजाय पैसे की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद सीता को वापस भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लंबे इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की रिपोर्ट में गले में फांसी के निशान और जहर (पॉइजनिंग) की आशंका जताई गई है, जिससे यह मामला अब हत्या की तरफ इशारा कर रहा है।

पति समेत पूरा ससुराल पक्ष फरार

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि सीता कुमारी की मृत्यु के बाद न तो उसका पति नवनीत कुमार और न ही ससुराल पक्ष का कोई सदस्य अस्पताल में मौजूद है। सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। इससे परिजनों का गुस्सा और भी बढ़ गया है। उनका स्पष्ट कहना है कि सीता की मौत सामान्य नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है।

NSIT
Nsmch

न्याय की मांग और पुलिस कार्रवाई

मृतका के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पति नवनीत कुमार, सास-ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) की धारा में मामला दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें समय रहते न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। 

भागलपुर से बालमुकुन्द की रिपोर्ट