Bihar News : वीटीआर से सटे इलाके में तेंदुए ने महिला पर किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों के शोर मचाने पर बची जान
Bihar News : पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र के मदनपुर पटेसरा इलाके में सोमवार को एक बार फिर तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई।

BETTIAH : पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र के मदनपुर पटेसरा इलाके में सोमवार को एक बार फिर तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से सटे जंगल की ओर शौच के लिए गई महिलाओं के एक समूह पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के झपट्टा मारते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के शोरगुल और हल्ला बोलने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर वापस घने जंगल की ओर भाग निकला।
तेंदुए के इस अचानक हुए हमले में मदनपुर पटेसरा निवासी उपेंद्र राम की पत्नी सबिता कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़ी महिला को तुरंत बगहा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका त्वरित उपचार शुरू किया गया। बगहा अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामप्रवेश भारती ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, तेंदुए के हमले से महिला के गर्दन, सीने और दाहिने हाथ पर गहरे घाव व खरोंच के निशान हैं। समय पर मिले इलाज के बाद अब महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वीटीआर के मदनपुर रेंज के वनरक्षी विकास कुमार ने बताया कि विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। उन्होंने बताया कि घायल महिला को वन विभाग के नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस हिंसक घटना के बाद से पूरे पटेसरा और आसपास के सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है।
वन विभाग ने वीटीआर के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। वनकर्मियों ने सलाह दी है कि ग्रामीण अकेले जंगल की ओर न जाएं और खेती-बाड़ी के काम के लिए समूह बनाकर लाठी-डंडों के साथ ही निकलें, क्योंकि इन दिनों वीटीआर के कोर एरिया से बाहर बाघ और तेंदुए भटकते देखे जा रहे हैं।
आशीष की रिपोर्ट















