LATEST NEWS

Bihar Police: शराब तस्करी करती है बिहार पुलिस ! माफियाओं के साथ मिलकर कर रहे थे खेला तभी पहुंचे अधिकारी, फिर जो हुआ...

Bihar Police: बिहार के बेगूसराय से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बिहार पुलिस के जवान शराब की तस्करी करते हुए पकड़ाए हैं। इसके बाद एक्शन लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है...

गिरफ्तार
3 पुलिसकर्मी गिरफ्तार- फोटो : social media

Bihar Police:  बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा और अब इस अवैध कारोबार में पुलिस की संलिप्तता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में तीन पुलिसकर्मी शराब माफियाओं के साथ मिलकर तस्करी कर रहे थे। शुक्रवार को इन पुलिसकर्मियों को उनके ही थाने में हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

पुलिस की वर्दी में शराब का खेल

गिरफ्तार किए गए तीनों पुलिसकर्मी नियाज आलम, चंदन कुमार और शशि कुमार हैं जो टाइगर मोबाइल यूनिट से जुड़े थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जब सलौना रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी की तो तीनों जवान वहां एक पिकअप वाहन के पास संदिग्ध अवस्था में शराब माफियाओं के साथ मौजूद मिले। पुलिस को देख माफिया फरार हो गए, लेकिन जवानों की गतिविधियों पर संदेह के बाद उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई।

मोबाइल जांच से हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान जब जवानों के मोबाइल की जांच की गई तो उसमें शराब कारोबारियों से बातचीत और सौदे के सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चार शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया। इनके पास से 22 लीटर देसी शराब, 3 लीटर विदेशी शराब, ₹17,500 नकद और 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

डीएसपी ने की पुष्टि, आगे होगी कड़ी कार्रवाई

बखरी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मी और चारों माफिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। टाइगर मोबाइल के जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार माफियाओं ने कबूल किया है कि दिनभर में कितनी भी शराब बिके, शाम को तय रकम और एक बोतल शराब बतौर ‘हिस्सा’ टाइगर मोबाइल के जवानों को देना होता था। माफिया ने यह भी खुलासा किया कि गुरुवार देर रात टाइगर मोबाइल की शह पर एक पिकअप वाहन में 135 कार्टन विदेशी शराब मंगाई गई थी, लेकिन थाना की गाड़ी को देखकर कारोबारी वाहन समेत फरार हो गया।

बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट