Bihar News : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बेगूसराय कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, 10 हजार के मुचलके पर मिली जमानत, जानिए क्या है पूरा मामला

Bihar News : जेएनयू (JNU) के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार ने सोमवार को बेगूसराय की एक स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया.......पढ़िए आगे

Bihar News : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बेगूसराय कोर्ट म
कन्हैया ने किया सरेंडर - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार ने सोमवार को बेगूसराय की एक स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम विवेक चंद्र वर्मा की अदालत में कन्हैया कुमार ने आत्मसमर्पण करने के बाद अपने वकील के माध्यम से जमानत याचिका दाखिल की। न्यायालय ने मामले से जुड़े दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद छात्र नेता को ₹10,000 के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश जारी किया।

यह पूरा मामला वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है। उस वक्त कन्हैया कुमार बेगूसराय लोकसभा सीट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उनके समर्थकों या पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा नियमों को ताक पर रखकर सार्वजनिक और प्रतिबंधित स्थानों पर प्रचार सामग्री का इस्तेमाल किया गया था।

Diarch GO

मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, 26 अप्रैल 2019 को बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली ग्राम स्थित कर्पूरी स्थान के पास एक दीवार पर कन्हैया कुमार का चुनावी पोस्टर चिपकाया हुआ पाया गया था। प्रशासन के मुताबिक, बिना पूर्व अनुमति के इस तरह सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर लगाना सीधे तौर पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन था। इसी को आधार बनाकर प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू की गई थी।

इस अवैध पोस्टरबाजी की घटना को लेकर तत्कालीन प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सह सूचक कमलेश राय ने त्वरित कार्रवाई की थी। उन्होंने इस मामले में बछवाड़ा थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कन्हैया कुमार के खिलाफ बछवाड़ा थाना कांड संख्या 73/2019 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया चल रही थी, जिसके तहत सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश होना पड़ा।

NSIT
Nsmch

अदालत से जमानत मिलने के बाद कन्हैया कुमार को बड़ी राहत मिली है। उनके अधिवक्ताओं ने बताया कि वे कानून का सम्मान करते हैं और न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए उपस्थित हुए थे। वहीं, इस वीआईपी मामले को लेकर सोमवार को कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कन्हैया कुमार को देखने के लिए स्थानीय लोगों और समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ भी जमा हो गई थी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट