Bihar Crime : बेगूसराय में सर्च ऑपरेशन के दौरान जोरदार बम धमाका, महिला सब-इंस्पेक्टर समेत 5 पुलिसकर्मी हुए जख्मी, सोना लूटकांड की जांच करने गयी थी टीम

Bihar Crime : बेगूसराय में सर्चा ऑपरेशन के दौरान बम ब्लास्ट हो गया. जिससे महिला सब इन्स्पेक्टर सहित पांच पुलिस कर्मी जख्मी हो गए.......पढ़िए आगे

Bihar Crime : बेगूसराय में सर्च ऑपरेशन के दौरान जोरदार बम धम
बेगूसराय में बम धमाका - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन गांव में शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिस और एसटीएफ की टीम जब इलाके में छिपे हथियारों और लूट के सामान की तलाश कर रही थी, तभी एक शक्तिशाली देसी बम विस्फोट कर गया। इस धमाके की चपेट में आने से एक महिला प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर और एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।

लूट कांड के आरोपियों की निशानदेही पर चल रही थी छापेमारी

जानकारी के अनुसार, दरभंगा लूट कांड में संलिप्त मुख्य आरोपी दीपक कुमार और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार उनके ठिकानों को खंगाल रही है। दो दिन पूर्व पुलिस ने इसी वृंदावन गांव के एक बगीचे से साढे़ 8 किलो चांदी और लगभग 150 ग्राम सोना बरामद किया था। आज एक बार फिर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम डॉग स्क्वायड के साथ यह सुनिश्चित करने पहुंची थी कि कहीं और भी लूट का माल या हथियार तो नहीं छिपाए गए हैं।

Diarch GO

गड्ढा खोदने के दौरान हुआ शक्तिशाली विस्फोट

हादसा उस समय हुआ जब पुलिस टीम बगीचे में सघन तलाशी अभियान चला रही थी। बताया जा रहा है कि जमीन के नीचे दबे किसी सामान की आशंका में जैसे ही खुदाई और सर्चिंग शुरू की गई, वहां पहले से छिपाकर रखा गया एक शक्तिशाली देसी बम विस्फोट कर गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में पास खड़े पुलिसकर्मी आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मलबे और बारूद के छर्रे लगने से पुलिसकर्मी लहूलुहान होकर गिर पड़े।

महिला सब-इंस्पेक्टर समेत ये पुलिसकर्मी हुए घायल

विस्फोट की इस घटना में सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) विपिन कुमार ओझा, महिला प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी और एसटीएफ के तीन जवान जख्मी हो गए हैं। बारूद की वजह से पुलिसकर्मियों के हाथ, पैर और चेहरे मामूली रूप से झुलस गए हैं। गनीमत रही कि धमाके की तीव्रता के बावजूद किसी की जान को खतरा नहीं हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, लेकिन वे अभी भी सदमे में हैं।

NSIT
Nsmch

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, सर्च ऑपरेशन जारी

घायल एएसआई विपिन ओझा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान अचानक हुए इस धमाके ने सबको चौंका दिया। इस घटना ने एक बार फिर अपराधियों द्वारा पुलिस को निशाना बनाने या साक्ष्य मिटाने के लिए बिछाए गए 'खतरनाक जाल' को उजागर कर दिया है। फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस की टीम अभी भी बगीचे और आरोपी के घर के आसपास तलाशी अभियान में जुटी हुई है ताकि अन्य संभावित विस्फोटकों का पता लगाया जा सके। 

अजय शास्त्री की रिपोर्ट