श्रावणी यात्रा में मातम, अजगैबीनाथ से गंगाजल लेकर निकली महिला कांवरिया की बिगड़ी तबीयत, कटोरिया अस्पताल में मौत

Bihar News: श्रावणी मेला के दौरान कांवड़ यात्रा पर निकली एक महिला श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ...

Woman Kanwariya Dies During Shravani Yatra in Banka
कांवड़ यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालु की मौत- फोटो : reporter

Bihar News: श्रावणी मेला के दौरान कांवड़ यात्रा पर निकली एक महिला श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और मृतका के परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नीमादोहर गांव निवासी अजय यादव की पत्नी चमेली देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, चमेली देवी अपनी गोतनी बसंती देवी सहित करीब 200 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अजगैबीनाथ धाम से गंगाजल लेकर बाबाधाम के लिए रवाना हुई थीं। जत्थे में कुछ श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे थे, जबकि कुछ वाहन से आगे बढ़ रहे थे। शनिवार सुबह जल उठाने के कुछ ही समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे यात्रा में अफरा-तफरी मच गई।

Diarch GO

साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने बिना देर किए उन्हें वाहन से इलाज के लिए रवाना किया। रास्ते में असरगंज, तारापुर और बेलहर के अस्पतालों में उनका इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें सूइया के घुठिया स्वास्थ्य उपकेंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया।

कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिनोद कुमार और उनकी टीम ने जांच के बाद चमेली देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही उनके पति अजय यादव समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

NSIT
Nsmch

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद श्रावणी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच शोक का माहौल है और पूरे जत्थे में गम का माहौल व्याप्त है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट