LATEST NEWS

  • Bihar MLC Election 2026
  • Bihar MLC Election 2026: बिहार MLC चुनाव की काउंटिंग में बवाल! कांग्रेस-जन सुराज और RJD ने उठाए ये

  • Bhojpur Police
  • Bhojpur Police: मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, चार तस्कर गिरफ्तार

  • Bihar MLC Election
  • Bihar MLC Election: बिहार MLC चुनाव की काउंटिंग पर बवाल! आरोप लगाकर कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठे,

  • Anant Singh
  • Bihar Politics: 62 मुकदमों के रिकॉर्ड वाले बाहुबली अनंत सिंह फिर जाएंगे जेल या बरकरार रहेगी जमानत?

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

Bihar Crime News : बांका में एक लाख का इनामी कुख्यात नक्सली पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर, अपहरण और लूट सहित दर्ज थे कई मामले

Bihar Crime News : बांका में पुलिस और एसटीएफ ने कुख्यात नक्सली रमेश टुडू को मार गिराया है. कुख्यात नक्सली पर एक लाख रूपये का इनाम था. वहीँ रमेश टुडू पर अपहरण और लूट सहित करीब 15 मामले दर्ज थे......पढ़िए आगे

Bihar Crime News : बांका में एक लाख का इनामी कुख्यात नक्सली
कुख्यात नक्सली ढेर - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के कटोरिया थाना अंतर्गत  कलोथर जंगल में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी नक्सली रमेश टुडू उर्फ टेटुआ मारा गया। इस संबंध में बुधवार को पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। एसपी वर्मा ने बताया कि मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि कलोथर के जंगली क्षेत्र में कुख्यात अपराधियों द्वारा किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बेलहर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें बांका पुलिस और एसटीएफ की विशेष इकाई शामिल थी।

टीम ने जब कलोथर के कहरतारी जंगल में सर्च अभियान शुरू किया, तो वहां कुछ नक्सली संगठन को पुनर्गठित करने तथा जघन्य अपराध की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी दी, लेकिन जवाब में नक्सलियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ थमने के बाद जब सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, तो एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला। उसे तत्काल कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान स्थानीय चौकीदार एवं ग्रामीणों की मदद से रमेश टुडू उर्फ टेटुआ के रूप में हुई, जो कटोरिया थाना क्षेत्र के बूढ़ीघाट गांव का निवासी था। एसपी ने बताया कि रमेश टुडू पर जमुई जिले के विभिन्न थानों और झारखंड के जसीडीह थाना क्षेत्र में अपहरण, लूट, फिरौती, आर्म्स एक्ट सहित कुल 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घटनास्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए, जिनमें एक कार्बाइन, साइलेंसर के साथ मैगजीन, चार जिंदा 9mm कारतूस, एक देशी निर्मित 7.65mm पिस्टल मैगजीन सहित, एक देशी लंबा नाली वाला 8mm पिस्टल जिसमें एक मिस फायर कारतूस, एक विंडोलिया जिसमें सात 7.62mm जिंदा कारतूस, तीन 9mm जिंदा कारतूस, सात 9mm के फायर सेल, एक देसी कट्टा और कुछ अन्य बुलेट शामिल हैं। इस अभियान में बेलहर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राज किशोर कुमार, अंचल निरीक्षक बबलू कुमार, कटोरिया थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार राय, एसटीएफ की स्पेशल टीम तथा स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे। एसपी वर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट