Bihar News : मंगेतर के साथ चलती बाइक पर 'रील्स' बनाना युवक को पड़ा भारी, खंभे से टकराई बाइक, एक महीने बाद होनेवाली थी शादी

Bihar News : मंगेतर के साथ चलती बाइक पर 'रील्स' बनाना युवक क

BANKA : रील्स बनाने का शौक एक युवक और युवती के लिए भारी पड़ गया। शादी की खुशियों से पहले ही एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आ गया। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के भरको हाई स्कूल के समीप मंगलवार को उस समय हुई, जब चलती बाइक पर रील्स बनाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक की पहचान घोरघट, कल्याणपुर (मुंगेर) निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती रजौन थाना क्षेत्र निवासी चांदनी कुमारी बताई गई है। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

तेज रफ्तार और रील्स बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक अमरपुर की ओर से तेज गति से आ रहा था, जबकि पीछे बैठी युवती मोबाइल से वीडियो रील्स बना रही थी। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल युवक के परिजनों ने बताया कि नीतीश कुमार और चांदनी कुमारी की शादी आगामी 17 फरवरी को तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। मंगलवार को दोनों तेलडिहा दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बाइक से निकले थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।

Diarch GO

भागलपुर रेफर

अमरपुर रेफरल अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि दुर्घटना में युवक का एक पैर टूट गया है, जबकि युवती के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। समय पर सूचना मिलने के बाद डायल 112 पुलिस कर्मियों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिस पर परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

सड़क पर रील्स बनाना जानलेवा

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि सड़क पर चलती गाड़ी में रील्स बनाना कितना खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान पर भी भारी पड़ सकती है। वही अमरपुर थाना के थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और इस तरह की जोखिम भरी हरकतों से बचने की अपील की है।

NSIT
Nsmch

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट