Bihar Crime : बांका में ससुराल से लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल

Bihar Crime : बांका में बेख़ौफ़ बदमाशों ने ससुराल से लौट रहे युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : बांका में ससुराल से लौट रहे युवक को अपराधियों
युवक को मारी गोली - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के खेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत साहबगंज-बांका मुख्य मार्ग पर स्थित रामसरैया मोड़ के समीप अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित युवक बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल से वापस घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान बांका थाना क्षेत्र के तेलिया पंचायत अंतर्गत मटुकचक गांव निवासी विक्रम सिंह (35 वर्ष), पिता श्रीधर सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह बेलहर थाना क्षेत्र के लौढ़िया गांव स्थित अपने ससुराल से बाइक द्वारा वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रामसरैया मोड़ स्थित नहर पुल के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद अज्ञात अपराधियों ने उन पर अचानक गोली चला दी। गोली विक्रम सिंह के कमर के ऊपर दाहिनी ओर लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Diarch GO

घटना के वक्त क्षेत्र में गश्त कर रही खेसर थाना पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर घटनास्थल की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी के सटीक कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों व चश्मदीदों से गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NSIT
Nsmch

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट