Bihar Police: चार्ज देने थाना पहुंचे दारोगा की मौत, सड़क हादसे ने छीनी जिंदगी, पुलिस महकमे में शोक
Bihar Police: टाउन थाना में लंबित मामलों का चार्ज देने पहुंचे एसआई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

Bihar Police: बांका टाउन थाना में लंबित मामलों का चार्ज देने पहुंचे एसआई सूरज भूषण की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। करीब रात 11:30 बजे चार्ज सौंपकर लौटने के दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार सागर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में मातम पसर गया।
बताया जाता है कि एसआई सूरज भूषण का करीब एक सप्ताह पहले बांका टाउन थाना से एसपी कार्यालय तबादला हुआ था। स्थानांतरण के बाद वे थाना में लंबित कांडों का चार्ज देने के लिए पहुंचे थे। चार्ज देने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में सूरज भूषण को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अफसार अली ने जांच के बाद एसआई सूरज भूषण को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सागर कुमार का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास और टाउन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
मृत एसआई सूरज भूषण मूल रूप से बिहारशरीफ जिले के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर सुनकर सदर अस्पताल पहुंची पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के मुताबिक उनका एक बेटा है, जो आगामी 17 सितंबर को एक वर्ष का होने वाला है। बेटे के जन्मदिन से महज कुछ दिन पहले पिता की दर्दनाक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
अस्पताल में पत्नी बार-बार मासूम बेटे के जन्मदिन को याद कर बिलखती रही। पति की मौत के सदमे में डूबी पत्नी का करुण क्रंदन सुनकर अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। जिस घर में कुछ दिनों बाद बच्चे के पहले जन्मदिन की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।पुलिस महकमे के लिए भी यह हादसा बेहद पीड़ादायक है। ड्यूटी से जुड़ी जिम्मेदारी पूरी कर लौट रहे एक पुलिस अधिकारी की अचानक हुई मौत ने सहकर्मियों और परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट















