Hotel Fire: आधी रात होटल बना मौत का धुआंघर, 9 लोगों की दर्दनाक मौत, बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

Hotel Fire: एक होटल में करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते होटल के कमरों में धुआं भर गया और सो रहे लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया।

9 Killed in Kolkata Hotel Fire Including Child
9 लोगों को आग ने निगल लिया - फोटो : social Media

Hotel Fire:  पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे शहर को दहला दिया। सेंट्रल कोलकाता की मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते होटल के कमरों में धुआं भर गया और सो रहे लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया। इस भयावह हादसे में एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे की सबसे भयावह तस्वीर यह रही कि आग होटल के ठीक बगल में मौजूद फायर स्टेशन के पास लगी थी। इसके बावजूद जहरीले धुएं और दम घुटने के कारण कई लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बंद कमरों में तेजी से फैली और धुआं पूरे होटल में भर गया। कई लोग नींद में ही बेहोश हो गए और उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

Diarch GO

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। बताया गया है कि ये लोग इलाज कराने के लिए भारत आए थे और कोलकाता के होटल में ठहरे हुए थे। आग की लपटों और धुएं ने देखते ही देखते होटल को मौत के जाल में तब्दील कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और होटल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस तथा दमकलकर्मी जुट गए।सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने होटल के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने भी घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनिंग यूनिट में खराबी अथवा धमाके की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक आग की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे शुरू हुई और इतनी तेजी से होटल के भीतर धुआं कैसे फैल गया।इस दर्दनाक हादसे ने होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या होटल में पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम और धुएं से बचाव के इंतजाम मौजूद थे? यदि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक सामने आती है तो जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

NSIT
Nsmch

फिलहाल कोलकाता पुलिस और दमकल विभाग राहत, बचाव और जांच में जुटे हैं। मृतकों की पहचान और हादसे की पूरी परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम तथा जांच रिपोर्ट के बाद घटना की तस्वीर और स्पष्ट होगी। आधी रात को लगी आग ने नौ जिंदगियां छीन लीं और पीछे छोड़ दिया कई परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म।