'बीवी पसंद नहीं थी' बोलकर पति ने किया कत्ल, 4 महीने पहले हुआ था निकाह,ससुराल वालों पर 50 लाख दहेज का आरोप
शहबाज नामक युवक ने अपनी पत्नी कहकशा की कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी. आरोपी का दावा है कि पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी और वह दूसरा निकाह करना चाहता था. वहीं, मायके पक्ष ने 50 लाख दहेज की मांग का आरोप लगाया है.

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ निकाह के मात्र चार महीने बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी शहबाज, जो एक सरकारी अस्पताल की लैब में कार्यरत है, ने पुलिस के सामने कुबूल किया कि वह अपनी पत्नी कहकशा को पसंद नहीं करता था। उसका दावा है कि कहकशा कम पढ़ी-लिखी थी और उस पर जबरन निकाह का दबाव बनाया गया था, जबकि वह किसी उच्च शिक्षित लड़की से शादी करना चाहता था।
साजिश के तहत कंबल से घोंटा दम
पुलिस पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि शहबाज ने एक हफ्ते पहले ही हत्या की पूरी योजना बना ली थी। 3 मार्च की रात उसने सोते समय अपनी पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद, पकड़े जाने के डर से आरोपी खुद ही कहकशा को अस्पताल ले गया ताकि इस जघन्य अपराध को 'स्वाभाविक मौत' या 'अचानक बीमारी' का रूप दिया जा सके। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और गहन पूछताछ ने उसकी इस मनगढ़ंत कहानी की पोल खोल दी।
50 लाख रुपये दहेज और प्लॉट की मांग
दूसरी ओर, मृतका के परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। कहकशा के भाई सलमान के अनुसार, निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे 50 लाख रुपये और प्लॉट के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वारदात की रात भी कहकशा ने फोन कर अपने भाई को बताया था कि ससुराल वाले सुबह तक पैसों का इंतजाम करने का दबाव बना रहे हैं। भाई ने सुबह देहरादून आने का भरोसा दिया था, लेकिन देर रात उसे बहन की मौत की खबर मिली।
पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति शहबाज के अलावा सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल फरार हैं। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है और पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।










