Patna crime: बाढ़ में जहरीली शराब का कहर, चार लोगों की मौत के बाद पुलिस की खुली नींद, तीन गिरफ्तार, 42 नामजद

Patna crime: सूबे में शराबबंदी के सख्त फरमान के बावजूद जरायम की दुनिया के सिंडिकेट का नापाक कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिसिया तफ्तीश और कानूनी कार्रवाई के तहत अब तक तीन मुख्य मुल्जिमों को धर-दबोचा गया है...

Patna Police Action
जहरीली शराब का कहर- फोटो : reporter

Patna crime: सूबे में शराबबंदी के सख्त फरमान के बावजूद जरायम की दुनिया के सिंडिकेट का नापाक कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा सनसनीखेज मामला पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर टोला बेढ़ना गांव का है, जहां रविवार को आयोजित एक संदिग्ध शराब पार्टी में मादक पदार्थ के सेवन से चार बेगुनाह नौजवानों की अकाल मौत हो गई। मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और मोनू के तौर पर हुई है। इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल कायम हो गया है, वहीं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

अचानक बिगड़ी तबीयत, असपताल में दम तोड़ा

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 30 अगस्त की दोपहर तकरीबन 1:30 बजे पुलिस महकमे को सूचना मिली कि सैदपुर टोला में जहरीली या मिलावटी शराब के सेवन से कई लोगों की तबीयत यकायक बिगड़ने लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और परिजनों ने आनन-फानन में तमाम प्रभावित लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया। हालांकि, डाक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Diarch GO

एफएसएल की एंट्री और फॉरेंसिक साक्ष्य

वारदात की संगीनी को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ,पटना के आदेश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को फौरन घटनास्थल पर रवाना किया गया। FSL की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य और सुराग इकट्ठा किए हैं। शवों का पंचनामा भरकर नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह और जहर के असर का मुकम्मल खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आने के बाद ही हो सकेगा।

एसआईटी का गठन, 42 माफियाओं पर गाज

मामले में बाढ़ थाने में कांड संख्या 587/26 दर्ज कर तफ्तीश (जांच) तेज कर दी गई है। अपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए पुलिस प्रशासन ने एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम  का गठन किया है। इस एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-02, थानाध्यक्ष बाढ़, पर्यवेक्षी पदाधिकारी और हाथीदह अंचल निरीक्षक  समेत कई आला पुलिस अफसरान शामिल हैं।

NSIT
Nsmch

खाकी का ताबड़तोड़ क्रैकडाउन

पुलिसिया तफ्तीश और कानूनी कार्रवाई के तहत अब तक तीन मुख्य मुल्जिमों को धर-दबोचा गया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ जारी है। इस सनसनीखेज वारदात के सिलसिले में दर्ज एफआईआर (प्राथमिकी) में 42 लोगों को नामजद मुल्जिम बनाया गया है। इसके अलावा, क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी, खरीद-फरोख्त और सेवन के खिलाफ चलाए गए 36 घंटे के विशेष अभियान में 42 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस का साफ तौर पर कहना है कि तफ्तीश के दायरे में आने वाले किसी भी गुनहगार या शराब माफिया को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर सख्त कानूनी सजा दिलाई जाएगी।


रिपोर्ट- रविशंकर