Bihar Crime: सदर अस्पताल में डॉक्टर पत्नी पर पति ने किया हमला, जूते से की पिटाई,आंखों में डाला स्प्रे

Bihar Crime:सदर अस्पताल में ड्यूटी करने पहुंची एक महिला डॉक्टर पर उनके पति द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

Bihar Crime: सदर अस्पताल में डॉक्टर पत्नी पर पति ने किया हमल
डॉक्टर पत्नी पर पति ने किया हमला- फोटो : reporter

Munger:  सदर अस्पताल में ड्यूटी करने पहुंची एक महिला डॉक्टर पर उनके पति द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि ने अपने पति डॉ. कृष्ण गोपाल पर मारपीट, दुर्व्यवहार और आंखों व चेहरे पर स्प्रे करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और कथित आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना उस वक्त की बताई जा रही है, जब डॉ. निधि अपनी ड्यूटी के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके पति डॉ. कृष्ण गोपाल अस्पताल पहुंचे और दोनों के बीच विवाद के बाद कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई। डॉ. निधि का आरोप है कि पति ने उनके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर जूते से प्रहार किया।महिला डॉक्टर के मुताबिक, कथित मारपीट के बाद उनके चेहरे और आंखों पर स्प्रे किया गया। स्प्रे पड़ने के बाद उनकी दोनों आंखों में तेज जलन होने लगी। अस्पताल परिसर में हंगामा और शोर सुनकर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

Diarch GO

इसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और डॉ. कृष्ण गोपाल को कोतवाली थाना ले गई। घटना के बाद डॉ. निधि ने अस्पताल में अपना इलाज कराया। उन्होंने कोतवाली थाने में आवेदन देकर पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।डॉ. निधि का दावा है कि उनकी शादी वर्ष 2021 में डॉ. कृष्ण गोपाल से हुई थी और शादी के बाद से ही उनके साथ मारपीट की जाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह उनके साथ कथित तौर पर हुई पहली घटना नहीं है। डॉ. निधि के मुताबिक, उनके पति मायागंज अस्पताल में ट्यूटर के पद पर कार्यरत हैं।

महिला डॉक्टर ने यह भी दावा किया कि उनके पति के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही वर्ष 2026 से दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। डॉ. निधि का आरोप है कि इसके बावजूद पहले उनके पति के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।फिलहाल पुलिस ने महिला डॉक्टर के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। डॉ. निधि द्वारा लगाए गए मारपीट और स्प्रे किए जाने के आरोपों की भी पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है।

NSIT
Nsmch

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर के साथ कथित मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और महिला डॉक्टर द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे कौन-कौन सी कानूनी कार्रवाई की जाती है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान