Bihar Crime: 25 कांडों में बेलसंड विधायक पर गिरफ्तारी की लटकी तलवार, वारंट मिलते ही पुलिस का दिखेगा एक्शन

Bihar Crime: 20 अगस्त को 50 से ज्यादा बदमाशों के कथित उत्पात के बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए बेलसंड के लोजपा (आर) विधायक अमित कुमार रानू पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।...

Belsand  MLA Faces Arrest Threat as Police Seek Warrant in L
बेलसंड विधायक पर गिरफ्तारी की लटकी तलवार- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां-उदनडीह में जमीन पर कब्जे और तोड़फोड़ के मामले ने अब सियासी गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है। 20 अगस्त को 50 से ज्यादा बदमाशों के कथित उत्पात के बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए बेलसंड के लोजपा (आर) विधायक अमित कुमार रानू पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले से जुड़े अब तक 25 कांड दर्ज हो चुके हैं और इनमें 8 मामलों में विधायक को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब न्यायालय से वारंट लेने की प्रक्रिया में जुटी है और वारंट मिलते ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त को स्कॉर्पियो, थार, जेसीबी और बाइक से 50 से अधिक लोग झपहां-उदनडीह पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने कई जमीनों पर बनी चहारदीवारी और मकानों को जेसीबी से तोड़ दिया। विरोध करने पर जमीन मालिकों के साथ मारपीट और धमकी देने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति को जेसीबी के नीचे फेंकने का प्रयास तक किया गया। आरोप यह भी है कि जमीन खाली करने के लिए दबाव बनाया गया और कथित तौर पर कहा गया कि जमीन पर रहना है तो ‘बॉस’ को पैसा देना होगा।

Diarch GO

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी सुमित कुमार श्रीवास्तव और अप्राथमिकी अभियुक्त सन्नी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद 21 पीड़ितों ने अलग-अलग आवेदन दिए, जिन पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। पुलिस टीम ने विधायक अमित रानू के मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान तीन डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने वर्ष 2017 का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप पेपर, पार्टनरशिप एग्रीमेंट और बैंक स्टेटमेंट जब्त करने की बात कही है। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस से कथित बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर अलग प्राथमिकी भी दर्ज की गई।

NSIT
Nsmch

इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि मामले के कुछ आरोपी विधायक के बेलसंड स्थित कार्यालय में छिपे हैं। मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर नन्हे सिंह और छोटू कुमार उर्फ छोटू यादव को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, नौ कारतूस और तीन मोबाइल बरामद हुए।

SSP के मुताबिक छोटू यादव पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास, चोरी की संपत्ति रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने विधायक के एक रिश्तेदार के घर पर भी दबिश दी, जहां नामजद आरोपी सोनू सिंह उर्फ अभिनव के छिपे होने की सूचना थी। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस को धमकी देने के आरोप में अलग केस दर्ज किया गया।

एसएसपी ने यह भी बताया कि विधायक अमित सिंह रानू के खिलाफ वर्ष 2012 में रून्नीसैदपुर थाने में रंगदारी, जबरन वसूली, चोरी की संपत्ति रखने और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। हालांकि मौजूदा जमीन विवाद में विधायक की गिरफ्तारी अभी न्यायालय से वारंट मिलने पर निर्भर है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े भू-माफियाओं और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई होगी। वारंट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधायक के खिलाफ अगला बड़ा कदम उठाया जा सकता है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा