LATEST NEWS

  • Anant Singh
  • Bihar Politics: 62 मुकदमों के रिकॉर्ड वाले बाहुबली अनंत सिंह फिर जाएंगे जेल या बरकरार रहेगी जमानत?

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

  • Bihar TRE-4
  • BPSC TRE-4 ने तोड़े भर्ती के सारे रिकॉर्ड, आवेदन के आंकड़े पढ़ कर चौक जाएंगे आप

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

हाजीपुर में भीषण सड़क हादसा : रामाशीष चौक ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार ऑटो, 11 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

बिहार में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। आज एकबार वैशाली जिले के हाजीपुर में रफ्तार के कहर के कारण कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है....

हाजीपुर में भीषण सड़क हादसा : रामाशीष चौक ओवरब्रिज पर डिवाइड
हाजीपुर में भीषण सड़क हादसा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामाशीष चौक ओवरब्रिज पर उस समय हुआ जब यात्रियों से खचाखच भरी ऑटो मुजफ्फरपुर से हाजीपुर की तरफ आ रही थी। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार लोगों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।


मुजफ्फरपुर से हाजीपुर आ रही थी यात्रियों से भरी टेंपो

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई टेंपो मुजफ्फरपुर की तरफ से यात्रियों को लेकर हाजीपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही टेंपो सदर थाना क्षेत्र के रामाशीष चौक ओवरब्रिज पर चढ़ी, रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित टेंपो तेज आवाज के साथ सीधे ओवरब्रिज के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में बैठे यात्री अंदर ही एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।


स्थानीय लोगों ने बचाई जान, सदर अस्पताल में कराया भर्ती

हादसा होते ही ओवरब्रिज और आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे सभी घायल यात्रियों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, भर्ती कराए गए 11 मरीजों में से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका डॉक्टरों की देखरेख में आपातकालीन वार्ड में सघन इलाज चल रहा है। वहीं, शेष सात यात्रियों को आंशिक चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।


घायलों की हुई पहचान, एक ही परिवार के कई लोग भी शामिल

सदर अस्पताल में भर्ती घायलों में से कुछ मुख्य लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें भगवानपुर थाना क्षेत्र के रसलपुर पट्टी गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश्वर सिंह के 43 वर्षीय पुत्र अमित सिंह, जुरवनपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव निवासी स्वर्गीय कामेश्वर राय के 30 वर्षीय पुत्र विकास राय शामिल हैं। इनके अलावा भगवानपुर थाना क्षेत्र के ही सतपुरा गांव निवासी शिवनाथ प्रसाद गुप्ता और उनकी 28 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी भी इस हादसे में घायल हुई हैं। पुलिस अन्य घायलों के नाम और पते की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।


दुर्घटना के बाद चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

NSIT
Nsmch

सड़क हादसे के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी टेंपो चालक अपने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। स्थानीय लोगों ने घटना की लिखित और मौखिक सूचना तुरंत स्थानीय सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया है और सड़क पर लगे जाम को हटवाया है।


टेंपो नंबर के आधार पर मालिक की तलाश तेज

सदर थाना पुलिस ने बताया कि फरार चालक और वाहन के वास्तविक मालिक का पता लगाने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस क्षतिग्रस्त टेंपो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग के डेटाबेस से उसके मालिक का नाम और पता खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गाड़ी के मालिक को ढूंढ निकाला जाएगा और लापरवाही से वाहन चलाने व यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

रिषभ की रिपोर्ट