LATEST NEWS

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

  • Bihar TRE-4
  • BPSC TRE-4 ने तोड़े भर्ती के सारे रिकॉर्ड, आवेदन के आंकड़े पढ़ कर चौक जाएंगे आप

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

  • Bihar Mobile Users
  • Bihar Mobile Users:आपके नाम पर कितने सिम कार्ड चल रहे हैं? घर बैठे ऐसे करें चेक, फर्जी नंबर

सुपौल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : महज तीन महीने पहले हुई थी शादी, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर पंचायत में रविवार की रात एक 20 वर्षीया नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी महज तीन महीने पहले बीते 3 मार्च को हुई थी

सुपौल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : महज तीन महीने पहले हुई
सुपौल के उधमपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उधमपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में रविवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से मृतका के मायके और पूरे गांव में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान उधमपुर निवासी फुलेश्वर मुखिया की 20 वर्षीया पुत्री मूर्ति देवी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को स्थानीय पुलिस ने मृतका के घर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है।


बेहोशी की हालत में मायके छोड़ गए थे सास और पति, रात में तोड़ा दम

मृतका की छोटी बहन श्रुति कुमारी ने घटना के संबंध में सिलसिलेवार जानकारी देते हुए बताया कि मूर्ति देवी की शादी बीते 3 मार्च 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र स्थित मिरदोल गांव के निवासी दीपक मुखिया से हुई थी। श्रुति के अनुसार, रविवार की शाम उसकी बहन की सास और पति (जीजा) दीपक मुखिया अचानक मूर्ति देवी को बेहद गंभीर और बेहोशी की हालत में लेकर मायके (उधमपुर) पहुंचे। इसके तुरंत बाद मृतका की सास वहां से वापस अररिया लौट गई, जबकि उसका पति वहीं रुक गया। इसके बाद परिजन इलाज के लिए स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के पास गए, लेकिन रविवार की रात करीब 10 बजे मूर्ति देवी ने दम तोड़ दिया।


मायके पक्ष का आरोप—दहेज के लिए सास करती थी प्रताड़ित, मारपीट के कारण गई जान

मृतका की बहन श्रुति कुमारी ने ससुराल पक्ष पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही दहेज में घरेलू सामानों की मांग को लेकर सास द्वारा उनकी बहन को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार को भी दहेज की इसी मांग को लेकर ससुराल वालों ने मूर्ति देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के कारण जब उसकी हालत बिगड़ गई, तो वे लोग कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसे बेहोशी की हालत में मायके लाकर छोड़ गए, जिसके कारण आखिरकार उसकी मौत हो गई।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस लिखित शिकायत के इंतजार में

इस दुखद और संवेदनशील मामले के संबंध में पूछने पर छातापुर के थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की निष्पक्ष जांच और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस को अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन (शिकायत) प्राप्त नहीं हुआ है; आवेदन मिलते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना, वैज्ञानिक जांच से साफ होगा मौत का कारण

NSIT
Nsmch

शादी के महज तीन महीने के भीतर ही एक युवा बेटी की संदिग्ध मौत ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि नवविवाहिता की मौत जहर खाने से हुई है, अंदरूनी चोटों के कारण या फिर गला दबाए जाने से। फिलहाल, मायके वाले रो-रोकर इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं और पुलिस पीड़ित परिवार से लिखित शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है ताकि आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसा जा सके। 

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट