LATEST NEWS

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

  • Bihar TRE-4
  • BPSC TRE-4 ने तोड़े भर्ती के सारे रिकॉर्ड, आवेदन के आंकड़े पढ़ कर चौक जाएंगे आप

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

  • Bihar Mobile Users
  • Bihar Mobile Users:आपके नाम पर कितने सिम कार्ड चल रहे हैं? घर बैठे ऐसे करें चेक, फर्जी नंबर

  • Bihar E Cabinet
  • Bihar Cabinet Meeting: मंत्रियों के हाथ में होगी डिजिटल फाइल,बिहार में अब ऐसे होगी कैबिनेट की बैठक

तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Bihar Road Accident : बिहार में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। आज एकबार फिर एक बुजुर्ग की तेज रफ्तार ने जान ले ली। सुपौल जिले में अपनी बेटी से मिलने गए बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई....

तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित ग्रामी
टक्कर से बुजुर्ग की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही स्थित धर्मपट्टी में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर तीन युवक सवार थे और वाहन की गति काफी तेज थी, जिसके कारण बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।


नाती के जन्म की खुशी में बेटी-दामाद के घर आए थे मृतक

मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के समदा वार्ड संख्या-12 निवासी सियाराम मालाकार (55 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सियाराम मालाकार की पुत्री ने हाल ही में एक नवजात शिशु को जन्म दिया था, जिसकी सूचना मिलने पर वे बेहद खुश होकर सिमराही आए थे। स्थानीय निजी क्लिनिक में अपनी पुत्री और नवजात नाती से मुलाकात करने के बाद, वे पैदल ही धर्मपट्टी स्थित अपने दामाद के घर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पर बने कट के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।


बाइक छोड़कर फरार हुए तीनों युवक, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल को मौके पर ही पकड़ लिया, लेकिन उस पर सवार तीनों युवक भीड़ का फायदा उठाकर वहां से भाग निकलने में सफल रहे। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को उठाने से साफ इनकार कर दिया और एनएच-27 पर बांस-बल्ली लगाकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फरार आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।


सड़क सुरक्षा और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का आरोप था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की बेलगाम आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ ही दिनों पहले भी इसी नेशनल हाईवे पर एक अन्य व्यक्ति की जान सड़क हादसे में चली गई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा गति सीमा पर नियंत्रण या सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। जाम की वजह से एनएच-27 के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और लंबी दूरी के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


पुलिस ने बाइक की जब्त, थानाध्यक्ष ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा

NSIT
Nsmch

सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट