LATEST NEWS

  • Naubatpur Traffic
  • Naubatpur Traffic: पटना के नौबतपुर में ट्रैफिक जाम पर उठे सवाल, CCTV फुटेज जांचने की मांग

  • Gaya Police News
  • Gaya Police News: गया में गांधी नगर जमीन विवाद में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, ADG की खबरों

  •  credit card
  • credit card: दिवाली पर HDFC, SBI, ICICI और Axis बैंक के क्रेडिट कार्ड से खरीदारी पर छूट,

  • Kylie jenner
  • Kylie jenner: 4410 हीरे और 1,000 घंटे की मेहनत, जानें काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा की खासियत

  • IT companies hiring
  • IT companies hiring: IT सेक्टर में लौटी भर्ती की रफ्तार, 5 बड़ी कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ी

सुपौल में शिक्षकों की रिक्ति का होगा आकलन, डीईओ ने गठित किया जिला स्तरीय कोषांग

सुपौल में शिक्षकों की रिक्ति का होगा आकलन, डीईओ ने गठित किया
सुपौल में शिक्षकों की रिक्ति का होगा आकलन- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता और उपलब्धता का सटीक आकलन करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय द्वारा एक जिला स्तरीय कोषांग का गठन किया गया है। विभागीय निर्देशों के आलोक में यह कोषांग रैशनलाइजेशन (युक्तिसंगत व्यवस्था) प्रक्रिया के तहत काम करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुपात में विषयवार शिक्षकों की वर्तमान स्थिति का गहन अध्ययन करना और उसके आधार पर एक विस्तृत रिक्ति प्रतिवेदन तैयार करना है।

डीईओ संग्राम सिंह ने जारी किया आधिकारिक आदेश

जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने 11 जुलाई को एक आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मिले निर्देशों के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है, ताकि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती को युक्तिसंगत और संतुलित बनाया जा सके। जिला स्तर पर गठित यह विशेष कोषांग पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और तत्परता के साथ अमलीजामा पहनाने का काम करेगा।

मणि भूषण कुमार बने नोडल पदाधिकारी, आलोक रंजन को अनुश्रवण का जिम्मा

इस नवनिर्मित कोषांग में प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) मणि भूषण कुमार को इस कोषांग का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, कार्यों के कुशल पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) की कमान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता) आलोक रंजन आनंद को सौंपी गई है, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

NSIT
Nsmch

लिपिकों और तकनीकी टीम को मिली अहम जिम्मेदारी

कोषांग के कागजी और तकनीकी कार्यों को गति देने के लिए एक मजबूत टीम तैनात की गई है। वरीय लिपिक विजय कुमार मंडल, लिपिक संजीव कुमार वर्मा और रोशन कुमार वर्मा को संचिका प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, तकनीकी सहयोग के लिए विकास कुमार (प्रतिनियुक्त लिपिक), निलेश कुमार निराला व मो. नाजिर (डाटा एंट्री ऑपरेटर) और अमित कुमार मेहता (एमआईएस, जिला सेल ई-शिक्षाकोष) को जिम्मेदारी दी गई है। यह टीम प्रखंडों से मिलने वाले आंकड़ों को संकलित और डिजिटल रूप से व्यवस्थित करेगी।

समय सीमा के भीतर रिपोर्ट तैयार करने का सख्त निर्देश

डीईओ संग्राम सिंह ने कोषांग के सभी सदस्यों और जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को आपस में समन्वय बनाकर आवश्यक अभिलेख व सूचनाएं संकलित करने का निर्देश दिया है। आदेश के मुताबिक, सभी प्रखंडों से विद्यालयवार शिक्षकों की रिक्ति से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त कर इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार करना अनिवार्य है। इस कवायद के पूरे होने के बाद जिले के स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की कमी और उपलब्धता की एक स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी, जिससे आगे की विभागीय कार्रवाई आसान होगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट