Bihar News: 15 अगस्त के मंच पर विधायक सोनू सिंह की जुबान फिसली, बार-बार बोले 26 जनवरी,छात्राओं ने टोका तो मचा ठहाका

Bihar News: विधायक ने भाषण के दौरान 15 अगस्त के बदले लगातार 26 जनवरी का जिक्र किया तो मंच के सामने मौजूद छात्राओं और उनके साथ मंच पर बैठे लोगों ने उन्हें टोका।...

Dehri MLA Sonu Singh Says Jan 26 During Aug 15 Speech Viral
15 अगस्त के मंच पर विधायक सोनू सिंह की जुबान फिसली- फोटो : reporter

Bihar News:रोहतास जिले के डेहरी से स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधायक के भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरिहट स्थित रामप्यारी बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई और वे बार-बार ‘26 जनवरी’ बोलने लगे।

विधायक के भाषण के दौरान जब उन्होंने लगातार 26 जनवरी का जिक्र किया तो मंच के सामने मौजूद छात्राओं और उनके साथ मंच पर बैठे लोगों ने उन्हें टोका। इसके बाद विधायक को अपनी गलती का एहसास कराया गया। हालांकि तब तक उनके भाषण का वीडियो रिकॉर्ड होकर सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हो चुका था।

Diarch GO

मजेदार बात यह रही कि टोके जाने के बाद भी विधायक सोनू सिंह अपनी बात पर कायम नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘15 अगस्त’ ही बोला है। इस दौरान कुछ देर के लिए कार्यक्रम का माहौल गंभीरता से बदलकर हंसी-मजाक में तब्दील हो गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मौजूद लोगों के बीच विधायक के इस भाषण को लेकर चर्चा शुरू हो गई। वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और वीडियो को लाइक और शेयर भी किया जा रहा है।

NSIT
Nsmch

हालांकि सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाषण के दौरान नेताओं की जुबान फिसलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार ऐसी छोटी गलती ही सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन जाती है। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है।स्वतंत्रता दिवस के मंच से देशभक्ति और आजादी के महत्व पर संबोधन के बीच ‘15 अगस्त’ की जगह ‘26 जनवरी’ का बार-बार जिक्र विधायक के लिए सोशल मीडिया पर चर्चा का कारण बन गया है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर लोगों के बीच खूब चर्चा हो रही है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार