नवादा के हिसुआ गोलीकांड में SIT की बड़ी कार्रवाई: दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के घर से अहम दस्तावेज जब्त
नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में 1 सितंबर 2026 को दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में युवक प्रणय भारती की मौत के मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.....

Nawada : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के पाचुंगढ़ स्थित चंद्रवंशी नगर में 1 सितंबर 2026 को दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में युवक प्रणय भारती की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना में एक युवक की मौत के साथ कई लोगों के घायल होने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। FSL टीम ने भी घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र गया और पुलिस अधीक्षक नवादा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर हिसुआ थाना कांड संख्या 508/26, दिनांक 02.09.2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
SIT गठित, मुख्य आरोपित के घर छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र के निर्देश पर नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। 3 सितंबर को SIT ने हिसुआ थाना पुलिस, DIU टीम और सशस्त्र बल के साथ कांड के मुख्य आरोपित नीरज कुमार उर्फ कारू के बगोदर स्थित आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उसके घर से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद साक्ष्यों के आधार पर नीरज कुमार उर्फ कारू और अन्य आरोपितों द्वारा कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संपत्ति जब्ती को लेकर BNSS की धारा 107 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
दो प्राथमिक आरोपित गिरफ्तार, अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने घटना में शामिल दो प्राथमिक आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चंदन कुमार उर्फ पचाठी, पिता विजय सिंह, निवासी बगोदर थाना हिसुआ, जिला नवादा तथा अखिलेश कुमार पेठ, पिता नवल किशोर सिंह, निवासी भदसेनी थाना हिसुआ, जिला नवादा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है और वर्तमान में पुलिस अभिरक्षा में क्रिसेंट हॉस्पिटल, नवादा में उनका इलाज चल रहा है।
अनुसंधान के दौरान पुलिस द्वारा सभी संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। न्यायालय से आरोपितों के विरुद्ध वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई प्राप्त करने के लिए भी आगे की प्रक्रिया जारी है।
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जातीय उन्माद फैलाने के उद्देश्य से भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए गए हैं। ऐसे पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
नवादा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर जातीय उन्माद या तनाव फैलाने वाले किसी भी भ्रामक पोस्ट पर ध्यान न दें। ऐसी किसी पोस्ट की जानकारी मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द कायम रहे।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट















