मुजफ्फरपुर में SSP का बड़ा एक्शन:मैरीन ड्राइव चाकूबाजी में लापरवाही पड़ी भारी सिकंदरपुर ओपी प्रभारी निलंबित
मुजफ्फरपुर में SSP कांतेश कुमार मिश्रा का बड़ा हंटर! मैरीन ड्राइव चाकूबाजी की घटना में घोर लापरवाही बरतने और सीमा विवाद की गलत जानकारी देकर गुमराह करने के आरोप में सिकंदरपुर ओपी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा की लाख चेतावनियों के बावजूद कार्य में लापरवाही बरतना एक थानेदार को भारी पड़ गया है। एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिकंदरपुर ओपी (आउटपोस्ट) के थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिले में लगातार बढ़ते अपराध के ग्राफ को देखते हुए एसएसपी द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन आदेशों की अवहेलना करने पर यह अनुशासनात्मक गाज गिरी है। एसएसपी की इस कड़े कदम से जिले के अन्य पुलिसकर्मियों और थानेदारों के बीच हड़कंप मच गया है।
मैरीन ड्राइव चाकूबाजी की घटना में दिखे थे लापरवाह, सीमा विवाद का बनाया बहाना
थानेदार पर निलंबन की यह कार्रवाई बीते दिनों सिकंदरपुर ओपी क्षेत्र के मैरीन ड्राइव पर हुई एक गंभीर वारदात के बाद हुई है। मैरीन ड्राइव पर दो आपराधिक गुटों के बीच सरेराह हिंसक झड़प और चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संवेदनशील मामले की तुरंत सूचना मिलने के बावजूद थाना प्रभारी न तो समय पर मौके पर पहुंचे और न ही स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई जब उन्होंने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए सीमा विवाद का बहाना बनाया और वरीय अधिकारियों को गुमराह करते हुए गलत जानकारी साझा की।
टाउन डीएसपी की जांच रिपोर्ट पर एसएसपी ने लिया कड़ा फैसला
थानेदार की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली को टाउन वन के नगर पुलिस अधीक्षक (SDPO Town 1) सुरेश कुमार ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने पूरे मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें थाना प्रभारी द्वारा कर्तव्यहीनता बरतने और अधिकारियों को गलत रिपोर्ट सौंपने की बात पूरी तरह सच साबित हुई। डीएसपी सुरेश कुमार ने मामले की गंभीरता और पुलिस की छवि को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी को सस्पेंड करने की लिखित अनुशंसा वरीय पुलिस अधीक्षक से की थी। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने निलंबन के आदेश पर मुहर लगा दी।
लापरवाह पुलिसकर्मियों को एसएसपी की साफ चेतावनी, अपराध नियंत्रण प्राथमिकता
मुजफ्फरपुर पुलिस कप्तान ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दे दिया है कि आम जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी कार्यालय के अनुसार, जो भी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में मुस्तैद नहीं रहेगा या ड्यूटी के दौरान टालमटोल की नीति अपनाएगा, उसके खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सिकंदरपुर ओपी में नए प्रभारी की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निलंबित थानेदार के खिलाफ विभागीय जांच भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट - मणि भूषण
















