Bihar News : मुजफ्फरपुर में गजब का मामला ! मारपीट की FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे युवक ने महिला ASI से की बदसलूकी, उल्टा खुद पहुंचा जेल
Bihar News : मुजफ्फरपुर में मारपीट का प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचा व्यक्ति थाने पर ओडी में तैनात महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी करने लगा. जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर उसे हवालात भेज दिया गया.....पढ़िए आगे

MUZAFFARPUR : जिले के सिकंदरपुर ओपी थाना परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मारपीट की शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचा एक युवक थाने की 'ओडी' अधिकारी से ही उलझ गया और ऑन-ड्यूटी महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी व हंगामा करने लगा। नतीजा यह हुआ कि केस दर्ज कराने आए फरियादी को पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात की हवा खिला दी।
जानकारी के मुताबिक, सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बांध निवासी विकास कुमार अपने कुछ साथियों के साथ मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा था। उस वक्त थाने में ओडी ड्यूटी पर महिला एएसआई रोशनी कुमारी तैनात थीं। महिला अधिकारी ने विकास कुमार से आवेदन प्राप्त किया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत थाना प्रभारी को सूचित कर गश्ती टीम को घटनास्थल पर जांच के लिए रवाना करने का निर्देश दिया।
हालांकि, इसके बावजूद विकास कुमार और उसके साथी आपा खो बैठे। वे बिना किसी वजह के ड्यूटी पर मौजूद एएसआई रोशनी कुमारी के साथ बदसलूकी करने लगे और थाने के भीतर ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया। महिला अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी थाना प्रभारी राकेश मोहन को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश मोहन मौके पर पहुंचे और मामले से वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस के कड़े तेवर देखते ही विकास कुमार के साथ आए उसके तमाम सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा और बदसलूकी कर रहे मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी महिला पुलिस अधिकारी से अभद्रता करने के मामले में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट















