Bihar News: मुंगेर में सीढ़ी से फिसलकर होमगार्ड की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News: मुंगेर में किला परिसर स्थित बंदूक फैक्ट्री में कार्यरत होमगार्ड जवान की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छत से उतरने के दौरान सीढ़ी गिरकर होमगार्ड की मौत हो गई।

Bihar News: मुंगेर के किला परिसर स्थित बंदूक फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सुरक्षा प्रहरी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद जुबेर आलम के रुप में हुई है जो होमगार्ड के रूप में बंदूक फैक्ट्री में तैनात थे। बताया जा रहा है कि उनकी मौत सीढ़ी से फिसलकर गिरने के कारण हो गई।
जानकारी के अनुसार, जवान रात में फैक्ट्री की छत पर सोया था और सुबह नीचे उतरते वक्त सीढ़ी से पैर फिसल गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। आनन-फानन में साथी जवानों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अफसाना बेगम, पिता अब्दुल जब्बार और उनके बच्चे बदहवासी की हालत में हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मोहम्मद जुबेर आलम मुंगेर के असरगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के निवासी थे और पिछले एक साल से फैक्ट्री में सुरक्षा प्रहरी के रूप में कार्यरत थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट














