LATEST NEWS

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

  • Bihar Mobile Users
  • Bihar Mobile Users:आपके नाम पर कितने सिम कार्ड चल रहे हैं? घर बैठे ऐसे करें चेक, फर्जी नंबर

  • Bihar E Cabinet
  • Bihar Cabinet Meeting: मंत्रियों के हाथ में होगी डिजिटल फाइल,बिहार में अब ऐसे होगी कैबिनेट की बैठक

  • Bihar Ration Card
  • Bihar Ration Card:बिहार में 35 लाख से ज्यादा राशन कार्ड रद्द! चेक कर लीजिए लिस्ट में आपका

  • Bihar MLC Election Results
  • Bihar MLC Election Results : 150 प्रत्याशियों की धड़कनें तेज, आज खुलेगा सियासी किस्मत का पिटारा,देर रात तक

Bihar News : मोतिहारी में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार की अध्यक्षता में हुई 20 सूत्री की बैठक, सैटेलाइट सिटी बनाने की उठी मांग

Bihar News : मंत्री श्रवण कुमार ने पश्चिम चंपारण में महात्मा गांधी से जुड़े स्थलों को चिन्हित करने और उसके विकास के लिए प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार की अध्य
20 सूत्री की बैठक - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षा बैठक गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ जोरवाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी सांसद, विधायक और समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद बैठक की औपचारिक कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से जिले में चल रहे विभिन्न कल्याणकारी और विकासात्मक कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है, इसलिए जिले में बापू से जुड़े सभी ऐतिहासिक स्थलों को चिन्हित कर उनके सुंदरीकरण और विकास का एक ठोस प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में जहां भी पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उसे एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभाग को हस्तगत कर वहां विभागीय कार्य प्रारंभ कराया जाए ताकि ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल सके। मंत्री ने सम्राट अशोक भवन और रामगढ़वा में इंडस्ट्रियल एरिया के विकास के लिए भूमि चिन्हित करने के साथ-साथ बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर परिसर के विकास और मुख्य पथ को जोड़ने वाले बाईपास के निर्माण पर भी त्वरित कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए उप विकास आयुक्त (DDC) ने बताया कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पूर्वी चंपारण ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले के कुल 394 ग्राम पंचायतों में से 308 में खेल के मैदान का निर्माण कार्य हाथ में लिया गया था, जिसमें से 307 खेल मैदानों को पूर्ण कर 99.67 प्रतिशत की ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 99.61% उपलब्धि के साथ 1,16,51,831 मानव दिवस का सृजन किया गया है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो महीनों में ही 22.27% लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत भी 1,06,424 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,06,281 लोगों को आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिसमें से 27,455 आवास पूर्ण कर लिए गए हैं। वहीं, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत 87.12% की प्रगति के साथ 345 पंचायतों में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU) का निर्माण पूरा हो चुका है।

20 सूत्री बैठक के दौरान जिले के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और नए प्रस्तावों को प्रमुखता से सदन के सामने रखा। कल्याणपुर विधायक ने मोतिहारी को सैटेलाइट सिटी के रूप में विकसित करने की बड़ी मांग उठाई। पिपरा विधायक ने ग्रामीण सड़कों की मजबूती के लिए फ्लैंक निर्माण, केसरिया विधायक ने गंडक तटबंध के पक्कीकरण और सुगौली विधायक ने रामगढ़वा में औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाया। वहीं, गोविंदगंज विधायक ने चंपारण तटबंध के कालीकरण और अरेराज क्षेत्र में विद्युत शवदाह गृह (विद्युत श्मशान) के निर्माण की मांग की। हरसिद्धि विधायक ने ओल्हा और मानिकपुर बाजार में सरकारी जमीनों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, जबकि मधुबन विधायक ने छतौनी चौक से फेनहारा होते हुए शिवहर को जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी की सड़क को स्टेट हाईवे (SH) में तब्दील करने का प्रस्ताव रखा। शिवहर सांसद की ओर से जिले की चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

NSIT
Nsmch

बैठक के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने मोतिहारी शहर में बन रहे चार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और जिला प्रशासन द्वारा की गई बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। डीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों को प्रोसिडिंग (कार्यवाही विवरण) में शामिल कर लिया गया है और इसका अक्षरशः अनुपालन कराया जाएगा। प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने सख्त लहजे में अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करें और अगली बैठक से एक सप्ताह पूर्व ही अनुपालन प्रतिवेदन सभी सदस्यों को उपलब्ध कराएं। इस उच्चस्तरीय बैठक में शिवहर सांसद लवली आनंद, विधायकगण प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, राणा रणधीर, लाल बाबू प्रसाद गुप्ता, प्रमोद कुमार सिन्हा, श्याम बाबू प्रसाद यादव, सचिंद्र प्रसाद सिंह, शालिनी मिश्रा, विधान पार्षद महेश्वर सिंह, डॉ. खालिद अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष ममता राय, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित सभी विभागों के कार्यपालक अभियंता और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। अंत में अपर समाहर्ता ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।