Bihar News: कटिहार में बाढ़ की आहट, शकील अहमद खान ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर उठाए गंभीर सवाल
Bihar News: महानंदा नदी के जद में आने वाला क्षेत्र, जो हर साल बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित होता है. शकील अहमद खान ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

KATIHAR : मानसून के दस्तक देते ही कटिहार के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है, खासकर महानंदा नदी के जद में आने वाला कदवा विधानसभा क्षेत्र, जो हर साल बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित होता है. संभावित बाढ़ को लेकर जहाँ स्थानीय लोग अभी से सहमे हुए हैं, वहीं सबसे ज़रूरी सेवा, स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को लेकर सरकार और प्रशासन के दावों के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता और स्थानीय कदवा विधायक शकील अहमद खान ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
विधायक शकील अहमद खान का कहना है कि संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए वह लगातार अपने क्षेत्र के हेल्थ सेंटरों का दौरा कर रहे हैं, लेकिन वहाँ की व्यवस्था बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं है. बाढ़ के 'रेड जोन' कहे जाने वाले कटिहार के कदवा विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर जब विधायक शकील अहमद से बात की गई, तो उन्होंने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कागजों पर तो सारी तैयारियां पूरी दिखती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है.
विधायक के अनुसार, बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं सबसे महत्वपूर्ण हो जाती हैं, खासकर जब लोगों को विस्थापित होना पड़ता है और बीमारियाँ फैलने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में, अगर स्वास्थ्य केंद्र ही तैयार नहीं हैं, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में तुरंत ध्यान देने और वास्तविक तैयारियां सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बाढ़ के दौरान लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में परेशानी न हो.
यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विधायक के इन आरोपों पर प्रशासन क्या प्रतिक्रिया देता है और कदवा में संभावित बाढ़ के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.
रिपोर्ट- श्याम
















