Bihar Road Accident: कैमूर में मौत की रफ्तार, झपकी बनी काल, पुलिया से टकराई सरिया लदी ट्रक, दो की मौके पर दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।...

Kaimur Crash Drowsy Driving Kills Truck Driver Helper
कैमूर में मौत की रफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। परमालपुर के समीप तेज रफ्तार सरिया लदी ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रक में लदा सरिया आगे की ओर खिसक गया और चालक व खलासी उसके नीचे दब गए। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। ट्रक सासाराम से मोहनिया की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू ट्रक पहले सड़क किनारे लगी लोहे की बैरिकेडिंग तोड़ती हुई आगे बढ़ी और फिर पुलिया की दीवार से जोरदार टक्कर मार दी।

Diarch GO

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ट्रक पर लदा भारी सरिया केबिन में घुस गया। चालक और खलासी उसके नीचे बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ट्रक चालक सह मालिक शंकर यादव, पिता जगरनाथ यादव, निवासी बरनी बेरगी डुमरी, जिला गिरिडीह और खलासी भुनेश्वर यादव, निवासी कोराडीह गांव, बगोदर थाना, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया।

NSIT
Nsmch

सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में चालक को झपकी आना हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी तक लगातार वाहन चलाने और थकान के बीच ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- देव तिवारी