Bihar News : गया में विधानसभा सदस्यों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का हुआ समापन, जगदम्बिका पाल बोले- 'वोट से जीतते हैं चुनाव, सेवा से मिलता है विश्वास'

Bihar News : गया के बिपार्ड परिसर में आयोजित बिहार विधानसभा के सदस्यों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिसमें विस अध्यक्ष प्रेम कुमार के साथ कई दिग्गज नेता शामिल हुए......पढ़िए आगे

Bihar News : गया में विधानसभा सदस्यों के दो दिवसीय प्रबोधन क
प्रबोधन कार्यक्रम का समापन- फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) परिसर में आयोजित बिहार विधानसभा के सदस्यों का दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस विशेष प्रशिक्षण के समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उत्तर प्रदेश के सांसद जगदम्बिका पाल और बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शिरकत की। सभी वरिष्ठ नेताओं ने नवनिर्वाचित और युवा विधायकों को बेहतर जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राज्य के समग्र विकास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने का संदेश दिया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम विशेष रूप से पहली बार चुनकर सदन पहुंचे विधायकों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस गरिमामयी आयोजन से जनप्रतिनिधियों को अपनी विधायी जिम्मेदारियों, संसदीय परंपराओं को बेहतर ढंग से समझने और सदन के भीतर जनहित के मुद्दों को नियमानुसार उठाने की कार्यप्रणाली को बारीकी से जानने का सुनहरा अवसर मिला है।

Diarch GO

समारोह के मुख्य अतिथि एवं लोकसभा सांसद जगदम्बिका पाल ने अपने संबोधन में विधायकों को लोकतंत्र का मूल मंत्र सिखाया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल वोटों के गणित से जीते जा सकते हैं, लेकिन जनता का वास्तविक विश्वास केवल निरंतर सेवा और संवेदनशीलता से ही कमाया जा सकता है। सांसद पाल ने सभी विधायकों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग बिहार में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और राज्य से युवाओं के हो रहे पलायन को प्रभावी ढंग से रोकने की दिशा में करें।

वहीं, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बदलते दौर में जनप्रतिनिधियों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में जनता की अपेक्षाएं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर आयोजित होने वाले इस प्रकार के प्रशिक्षण और रचनात्मक संवाद कार्यक्रम हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक परिपक्व तथा मजबूत बनाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे सदन की गरिमा और कार्यकुशलता दोनों बढ़ती है।

NSIT
Nsmch

दो दिवसीय गहन वैचारिक और विधायी प्रशिक्षण सत्र की समाप्ति के बाद सभी सहभागी विधायकों ने गया और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी बोधगया के प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी किया। इस दौरान विधायकों ने महाबोधि मंदिर और विष्णुपद मंदिर जैसे ऐतिहासिक धरोहरों का दीदार किया। इस पूरे आयोजन को लेकर बिपार्ड और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

मनोज की रिपोर्ट