Bihar News : पितृपक्ष मेले से पहले बिहार सरकार का बड़ा फैसला, विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा BSAP के किया हवाले, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और होगी मजबूत

Bihar News : गया के विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंप दी गई है। सरकार के इस फैसले का विष्णुपद मंदिर समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने स्वागत किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : पितृपक्ष मेले से पहले बिहार सरकार का बड़ा फैसला
सुरक्षा BSAP के हवाले - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गयाजी मे पितरों की मोक्षस्थली और सनातन आस्था के सबसे प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब गया के इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंप दी गई है। पितृपक्ष मेला शुरू होने से पहले लिए गए इस फैसले को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विष्णुपद मंदिर समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मंदिर की सुरक्षा को लेकर पहले से ही हमारी मांग रही है। विशेष सुरक्षा बल की तैनाती की योजना बनाई गई थी, लेकिन अब बिहार सरकार ने आधिकारिक रूप से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय बेहद सराहनीय है और इससे लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पितृपक्ष मेला केवल बिहार या भारत का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल, श्रीलंका, मॉरीशस, अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई देशों से श्रद्धालु गया पहुंचते हैं। यहां वे अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म करते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालु भगवान विष्णु के चरणों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। विष्णुपद मंदिर के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने कहा कि पितृपक्ष मेले के दौरान विष्णुपद मंदिर और उसके आसपास लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की तैनाती से न केवल मंदिर परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में भी काफी मदद मिलेगी।

Diarch GO

उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि पितृपक्ष मेले में यह संख्या कई लाख तक पहुंच जाती है। ऐसे में प्रशिक्षित विशेष पुलिस बल की तैनाती समय की आवश्यकता थी। सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंदिर समिति के अनुसार, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जिम्मा संभालने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित, आधुनिक तथा प्रभावी होगी। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा और बढ़ेगा। पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकेंगे।

गौरतलब है कि गया का विष्णुपद मंदिर हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के चरणचिह्न यहीं स्थापित हैं और यहीं पिंडदान करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी वजह से हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में बिहार सरकार द्वारा मंदिर की सुरक्षा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस को सौंपने का फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन व्यवस्था और पितृपक्ष मेले के सफल संचालन की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

NSIT
Nsmch

मनोज की रिपोर्ट