गया जी को बड़ी सौगात, एमएसएमई ट्रेनिंग सेंटर का सीएम सम्राट, केंद्रीय मंत्री मांझी ने दिया तोहफा, युवाओं को रोजगार मिलना होगा आसान

MSME Technology Training Centre Gaya
MSME Technology Training Centre Gaya - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के गया जी जिले में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत देवगांव में अत्याधुनिक एमएसएमई टेक्नोलॉजी ट्रेनिंग सेंटर परियोजना का शिलान्यास किया गया। लगभग 20 एकड़ भूमि में बनने वाले इस प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेसी सिंह तथा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सहित बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा आदि ने संयुक्त रूप से किया। 


भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और उद्यमी शामिल हुए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह परियोजना मगध क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।

Diarch GO


प्रस्तावित एमएसएमई टेक्नोलॉजी ट्रेनिंग सेंटर में युवाओं को आधुनिक तकनीकी और औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यहां आठवीं कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के छात्र-छात्राएं विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। संस्थान में डिप्लोमा इन टूल एंड डाई मेकिंग, मेकाट्रॉनिक्स, ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक स्किल्स समेत कई आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रशिक्षण अवधि छह महीने से लेकर एक वर्ष तक निर्धारित की गई है।


महिलाओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाएगी। इनमें सिलाई-कढ़ाई, कंप्यूटर शिक्षा, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग आधारित कौशल, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण और अन्य स्वरोजगार उन्मुख पाठ्यक्रम शामिल होंगे। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

NSIT
Nsmch


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि केंद्र के शुरू होने से न केवल युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि मगध क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह प्रशिक्षण केंद्र बिहार को कौशल विकास के क्षेत्र में मजबूत बनाने के साथ-साथ उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।।
मनोज की रिपोर्ट