Bihar Crime: बोधगया में होटल कारोबारी से 10 लाख की मांगी रंगदारी! अपहरण की कोशिश से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज जांच के घेरे में

Bihar Crime: एक होटल संचालक ने कुछ युवकों पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और कथित तौर पर अपहरण की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।

Bihar Crime: बोधगया में होटल कारोबारी से 10 लाख की मांगी रंग
होटल कारोबारी के अपहरण की कोशिश- फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जिले के बोधगया में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक होटल संचालक ने कुछ युवकों पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और कथित तौर पर अपहरण की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पूरा घटनाक्रम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया जा रहा है।

पीड़ित होटल संचालक अनीकेत कुमार के अनुसार, मंगलवार की शाम कुछ युवक उनके होटल पर पहुंचे और जरूरी काम होने का बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुलाया। आरोप है कि होटल से बाहर निकलते ही युवकों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की गई।

Diarch GO

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने और फिरौती वसूलने जैसी धमकियां भी दीं। इसी बीच होटल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों के शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर वहां से फरार हो गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। होटल संचालक ने दावा किया है कि वह आरोपियों में से कुछ को पहचानते हैं, जबकि बाकी की पहचान की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि घटना होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। यदि फुटेज में घटना की पुष्टि होती है, तो यह जांच में एक महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है। पुलिस से अपेक्षा की जा रही है कि वह सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। इसलिए पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

NSIT
Nsmch

रिपोर्ट- मनोज कुमार