Bihar Jardalu Mango: मन की बात में छाया बिहार का जर्दालु आम, PM मोदी ने की तारीफ, भागलपुर के किसानों की खिली किस्मत

Bihar Jardalu Mango: बिहार की धरती पर उगने वाला विश्वप्रसिद्ध जर्दालु आम एक बार फिर राष्ट्रीय सुर्खियों में छा गया है। ...

PM Modi Praises Bhagalpur Jardalu Mango in Mann Ki Baat
मन की बात में जर्दालु आम की महक- फोटो : reporter

Bihar Jardalu Mango: बिहार की धरती पर उगने वाला विश्वप्रसिद्ध जर्दालु आम एक बार फिर राष्ट्रीय सुर्खियों में छा गया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रममन की बात के 134वें संस्करण में भागलपुर के जर्दालु आम का विशेष उल्लेख करते हुए उसकी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता की दिल खोलकर तारीफ की। प्रधानमंत्री की इस सराहना से न केवल भागलपुर बल्कि पूरे अंग क्षेत्र के किसानों और आम उत्पादकों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जर्दालु आम की अनूठी महक और आकर्षक रंग-रूप इसे अन्य आमों से अलग पहचान दिलाता है। उन्होंने किसानों की मेहनत को सलाम करते हुए कहा कि भारत के गांवों में पैदा होने वाले ऐसे उत्कृष्ट उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

Diarch GO

भागलपुर और आसपास के इलाकों में उगाया जाने वाला जर्दालु आम अपनी प्राकृतिक सुगंध के लिए देश-दुनिया में मशहूर है। पूरी तरह पकने पर इसका रंग सुनहरा-पीला और हल्का सिंदूरी हो जाता है। इसकी खुशबू इतनी मनमोहक होती है कि बिना काटे ही पूरा कमरा महक उठता है। यही वजह है कि इसे आमों का ‘शहंशाह’ भी कहा जाता है।

जर्दालु आम की सबसे बड़ी खासियत इसका मक्खन जैसा मुलायम और पूरी तरह रेशारहित गूदा है। इसकी गुठली बेहद पतली होती है, जिससे फल का अधिकांश हिस्सा स्वादिष्ट गूदे से भरा रहता है। यही गुण इसे उपभोक्ताओं की पहली पसंद बनाते हैं।

NSIT
Nsmch

जर्दालु आम को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त है, जिसने इसकी पहचान को और मजबूत किया है। हर साल बिहार सरकार चयनित जर्दालु आम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और देश के मुख्य न्यायाधीश को उपहार स्वरूप भेजती है। वहीं APEDA के सहयोग से यह आम लंदन, दुबई, बहरीन और बेल्जियम जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहा है।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री के मंच से मिली इस पहचान के बाद जर्दालु आम की मांग देश और विदेश में और बढ़ेगी। इससे भागलपुर के हजारों किसानों को बेहतर कीमत और नए बाजार मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप