LATEST NEWS

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

  • Bihar TRE-4
  • BPSC TRE-4 ने तोड़े भर्ती के सारे रिकॉर्ड, आवेदन के आंकड़े पढ़ कर चौक जाएंगे आप

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

  • Bihar Mobile Users
  • Bihar Mobile Users:आपके नाम पर कितने सिम कार्ड चल रहे हैं? घर बैठे ऐसे करें चेक, फर्जी नंबर

Bhagalpur Murder: भागलपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड! युवक की हत्या कर शव के टुकड़े गंगा में फेंके, तीन दोस्त गिरफ्तार

Bhagalpur Murder: भागलपुर में तीन दिन से लापता युवक अभिषेक कुमार की बेरहमी से हत्या कर शव के टुकड़े गंगा में फेंके गए। मोबाइल की किस्त की वजह से हत्या की गई है। मामले में तीन दोस्त गिरफ्तार किए गए।

Bhagalpur Murder
मोबाइल किस्ती बनी मौत की वजह!- फोटो : news4nation

Bhagalpur Murder: भागलपुर में तीन दिन से लापता युवक का शव शनिवार (27 दिसंबर 2025) को बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई है। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक की हत्या के बाद मशीन (हेक्सा ब्लेड) से उसके शरीर के तीन टुकड़े कर दिए और पहचान छिपाने के लिए सिर व पैर गंगा में फेंक दिए। मामला भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के शाहपुर पुलिया के पास की है।मृतक की पहचान कहलगांव के मकसपुर निवासी अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है।

प्लास्टिक के बोरे में मिला धड़, हाथ बंधे थे

घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि युवक का शव एक प्लास्टिक के बोरे में बंद था। शव को भारी बनाने और पहचान छिपाने के लिए बोरे में मिट्टी और बालू भी भरा गया था। जब पुलिस ने बोरा खोला तो रोंगटे खड़े हो गए। युवक के हाथ नायलॉन की रस्सी से बंधे थे और जैकेट की चेन लगाकर शरीर को कस दिया गया था। शव का सिर और पैर गायब थे।

मोबाइल की किस्त बनी हत्या की वजह

घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि अभिषेक कुमार, नाथनगर के मसकन बरारीपुर में अपने मामा संतोष दास के घर रहता था। अभिषेक ने अपने दोस्त राधे को किस्त पर मोबाइल दिलाया था। राधे किस्त के पैसे नहीं दे रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि इसी लेनदेन को लेकर उन्होंने अभिषेक की हत्या की।

पहले जांघ में मारी गोली, फिर मशीन से काटा शरीर

पुलिस को दिए गए बयान में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी दोस्तों ने पहले अभिषेक की जांघ में गोली मारी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक हेक्सा ब्लेड मशीन से उसके शरीर को तीन हिस्सों में काट दिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सिर और पैर को काटकर गंगा नदी में बहा दिया है, जिनकी तलाश अब गोताखोर कर रहे हैं।

NSIT
Nsmch

 परिजनों को गुमराह करता रहा अभिषेक का फोन

अभिषेक के मामा संतोष दास का कहना है कि 23 दिसंबर को वह 'ऑटो वाले के 150 रुपये देने' की बात कहकर घर से निकला था। रात में जब उससे बात हुई तो उसने जल्द वापस आने को कहा। अगली सुबह 4 बजे फोन करने पर उसने बताया कि वह जमालपुर में है। वहीं, उसके पिता धर्मेंद्र दास ने बताया कि 24 दिसंबर को फोन करने पर अभिषेक ने कहा था कि वह दोस्त की बर्थडे पार्टी में है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, सिटी एसपी ने लिया जायजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी और डीएसपी-2 राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शक के आधार पर मिर्जापुर निवासी राधे और ऋतिक को हिरासत में लिया, जिनकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ। बाद में तीसरे आरोपी आयुष को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कटे हुए अंगों की तलाश जारी है।

 भागलपुर से balmukund kumar की रिपोर्ट