LATEST NEWS

  • Naubatpur Traffic
  • Naubatpur Traffic: पटना के नौबतपुर में ट्रैफिक जाम पर उठे सवाल, CCTV फुटेज जांचने की मांग

  • Gaya Police News
  • Gaya Police News: गया में गांधी नगर जमीन विवाद में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, ADG की खबरों

  •  credit card
  • credit card: दिवाली पर HDFC, SBI, ICICI और Axis बैंक के क्रेडिट कार्ड से खरीदारी पर छूट,

  • Kylie jenner
  • Kylie jenner: 4410 हीरे और 1,000 घंटे की मेहनत, जानें काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा की खासियत

  • IT companies hiring
  • IT companies hiring: IT सेक्टर में लौटी भर्ती की रफ्तार, 5 बड़ी कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ी

भागलपुर में अवैध होर्डिंग-पोस्टर के खिलाफ चलेगा अभियान, नगर निगम ने कसी कमर

भागलपुर में अवैध होर्डिंग-पोस्टर के खिलाफ चलेगा अभियान, नगर

Bhagalpur : शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर की दीवारों और बिजली के खंभों पर अनधिकृत रूप से लगे होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ नगर निगम ने व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के विज्ञापन लगाकर शहर की सूरत बिगाड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य शहर को विजुअल प्रदूषण से मुक्त कराना और स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करना है।


नगर आयुक्त ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा, जदयू, बसपा, 'हम' और लोजपा समेत विभिन्न प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने सभी दलों के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया और शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे अपने प्रचार-प्रसार के लिए केवल निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें और प्रशासन के नियमों का पालन कर एक मिसाल पेश करें।


बिना अनुमति पोस्टर लगाने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सरकारी संपत्तियों पर अवैध रूप से लगाए गए बैनरों को तत्काल हटाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चेतावनी के बाद भी कोई व्यक्ति या संगठन अनधिकृत विज्ञापन लगाता पाया गया, तो नगर निगम नियमानुसार उन पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी करेगा। अतिक्रमण प्रभारी और नगर प्रबंधक को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से पेट्रोलिंग कर अवैध होर्डिंग की पहचान करें और उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करें।


भाजपा और जदयू ने किया समर्थन

नगर निगम की इस पहल का राजनीतिक दलों ने भी सकारात्मक स्वागत किया है। बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने माना कि अनियंत्रित तरीके से लगे पोस्टर न केवल शहर को बदसूरत बनाते हैं, बल्कि कई बार यातायात और बिजली की लाइनों के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। राजनीतिक दलों के इस समर्थन के बाद अब नगर निगम को अभियान चलाने में स्थानीय स्तर पर कम विरोध का सामना करना पड़ेगा।


अधिकारियों को मिले फील्ड में उतरने के निर्देश

NSIT
Nsmch

इस उच्च स्तरीय बैठक में नगर प्रबंधक असगर अली और अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि नगर निगम की इस सक्रियता से आने वाले कुछ ही दिनों में भागलपुर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध पोस्टरों का जाल साफ हो जाएगा। इस अभियान से न केवल शहर की सूरत बदलेगी, बल्कि नगर निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बालमुकुंद की रिपोर्ट