Bihar News: पुलिस की बड़ी कामयाबी, 10 साल से फरार कुख्यात अपराधी नवल पंजियारा धराया, 25 हजार का है इनामी

Bihar News: पुलिस ने 10 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।

Notorious criminal Naval Panjiara
पुलिस की बड़ी कामयाबी- फोटो : reporter

Banka:पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 10 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी नवल पंजियारा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर इस मोस्ट वांटेड अपराधी को शिकंजे में कसा है। नवल पंजियारा बांका जिले के टॉप अपराधियों की सूची में शामिल था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के नगरडीह में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर वर्षों से तनाव चल रहा था। इस विवाद में वर्ष 2015 से 2017 के दौरान कई लोगों की जान जा चुकी थी और कई बार गोलीबारी की घटनाएं भी हुई थीं। नवल पंजियारा पर आरोप है कि उसने इस जमीन विवाद में एक पक्ष का साथ दिया और उन्हें संरक्षण प्रदान किया, साथ ही पुलिस और प्रशासन पर भी कई बार हमले किए।

Diarch GO

नवल पंजियारा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी और कई बार सूचना मिलने पर छापेमारी भी की गई, लेकिन वह हर बार भागने में सफल रहा। आखिरकार, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिपिन बिहारी के नेतृत्व में खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

16 मई को पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि नवल पंजियारा अपने ममिया ससुराल ग्राम कुंथा में छिपा हुआ है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित टीम ने छापेमारी की और कुख्यात अपराधी नवल पंजियारा को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। गिरफ्तार अपराधी की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के महेंद्र पंजियारा के पुत्र नवल पंजियारा के रूप में हुई है।

NSIT
Nsmch

इस सफल छापेमारी अभियान में तकनीकी शाखा प्रभारी राजेश कुमार, बांका थाना अध्यक्ष राकेश कुमार, अमरपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा, तकनीकी शाखा के रंजीत कुमार, फुल्लीडुमर थाना प्रभारी सुनील कुमार, अश्विनी कुमार, राजीव कुमार, अनिल कुमार, योगेन्द्र कुमार, विजय कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, प्रशांत कुमार, मोहम्मद परवेज आलम, अजीत कुमार, दीपक कुमार और मनोज कुमार शामिल थे।

बांका पुलिस की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई की जिलेभर में सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने गिरफ्तारी टीम को बधाई दी है और कहा है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट