LATEST NEWS

  • Anant Singh
  • Bihar Politics: 62 मुकदमों के रिकॉर्ड वाले बाहुबली अनंत सिंह फिर जाएंगे जेल या बरकरार रहेगी जमानत?

  • President Colour Award
  • Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

  • Anant Singh MLA Status
  • Bihar Politics: अनंत सिंह की विधायकी पर लटकी तलवार! JDU की अर्जी पर अब इस दिन तय होगा

  • Bihar TRE-4
  • BPSC TRE-4 ने तोड़े भर्ती के सारे रिकॉर्ड, आवेदन के आंकड़े पढ़ कर चौक जाएंगे आप

  • Bihar Food Safety
  • Bihar Food Safety : बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कितने शुद्ध? ऐसे करें मिलावट की पहचान, जानें

Bihar Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव ने बांका में सड़क हादसे में मारे गए दो युवकों के परिजनों से की मुलाकात, न्याय और सहायता का दिलाया भरोसा

बांका हादसे में मारे गए दो युवकों के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी और सरकार पर बेलगाम प्रशासन को लेकर तीखा हमला बोला।

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav - फोटो : social media

Bihar Tejashwi Yadav: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को बांका जिले के सुईया बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने 16 मार्च को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों—फैजल राजा (19) और वसीम अंसारी (15)—के शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात की।

यह हादसा उस समय हुआ था जब दोनों युवक बाइक से अपने मामा के घर जा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि यह दुर्घटना एक पुलिस वाहन की टक्कर से हुई थी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने घटना को अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना बताया, जिससे परिवार में आक्रोश है।तेजस्वी यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। 

तेजस्वी यादव ने की आर्थिक मदद

उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद रहकर बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा से फोन पर बात की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार को तात्कालिक आर्थिक मदद के तौर पर 50-50 हजार रुपये के दो चेक भी प्रदान किए गए। 

परिजनों का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद जब उन्होंने न्याय की मांग की तो स्थानीय पुलिस ने उल्टा उन्हें ही केस में फंसा देने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई है।

NSIT
Nsmch

राजद नेता मिठन यादव के आवास पर हुआ स्वागत

तेजस्वी यादव ने सुईया बाजार में राजद नेता मिठन यादव के आवास पर कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान मिठन यादव ने उन्हें माला और बुके देकर स्वागत किया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों और जनसमस्याओं पर भी तेजस्वी यादव का ध्यान आकृष्ट किया।

तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला

मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "बिहार में प्रशासन पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। आम जनता का प्रशासन पर से भरोसा खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब बिहार चलाने की स्थिति में नहीं हैं। वे थक चुके हैं और अब राज्य को रिटायर्ड अधिकारियों और बेजान तंत्र के हवाले कर दिया गया है।"उन्होंने यह भी कहा कि यह हादसा राज्य में बढ़ती प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है। "पीड़ित परिवार को मदद मांगने पर धमकी दी जाती है, यह बेहद शर्मनाक है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा," उन्होंने जोड़ा।

विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव, पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव, कटोरिया की पूर्व विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम, बेलहर के पूर्व विधायक रामदेव यादव, धोरैया के विधायक भूदेव चौधरी और राजद जिलाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता

तेजस्वी यादव की मौजूदगी में स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की गंभीर स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़कों पर पुलिस की लापरवाही और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के चलते ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं।  तेजस्वी यादव ने जल्द ही इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया।

बांका से चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट