नेपाल सीमा पर तनाव का साया, डीजे विवाद से भड़की हिंसा, मौत के बाद अररिया बॉर्डर पर सुरक्षा का पहरा

Bihar News: दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम है। हालात को काबू करने के लिए नेपाल पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा...

Nepal Border Clash Sparks Tension Araria on High Alert
अररिया बॉर्डर पर सुरक्षा का पहरा- फोटो : social Media

Bihar News: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले के कप्तानगंज इलाके में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया। दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम है। हालात को काबू करने के लिए नेपाल पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें हुई फायरिंग के दौरान 24 वर्षीय युवक ओम प्रकाश मेहता गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत के बाद इलाके में गुस्से और बेचैनी का माहौल और गहरा गया है।

बताया जा रहा है कि कप्तानगंज इलाके से कुछ कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान डीजे बजाने को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्षों में रोड़ेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। इसी दौरान चली गोली की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।

Diarch GO

घटना के बाद सुनसरी जिले के कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, भारत की सीमा से सटे अररिया जिले में भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

अररिया के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि भारतीय सीमा क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और किसी भी अफवाह को फैलने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

NSIT
Nsmch

फारबिसगंज के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि नेपाल में हुई घटना के मद्देनजर एहतियात के तौर पर एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है। सीमा पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, ताकि पड़ोसी देश में उपजे तनाव का असर भारतीय इलाके में न पहुंचे। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सीमावर्ती क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखना है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।